Connect with us

इंदौर संभाग

सिंडीकेट का चहेते एडीओ रॉय का युवक के साथ अभद्रता व मारपीट का वीडियो वायरल…..प्रभार से हटाया

Published

on

-सागौर वृत्त में कार्रवाई के दौरान युवक के साथ की मारपीट, घटना के बाद आबकारी अधिकारी ने किया अटैच

शराब ठेकेदारों के इशारों पर काम करने के आरोप, आबकारी ने शुरू की मामले की जांच

लखन टांक धार। शराब सिंडीकेट का चहेता माने जाना सहायक आबकारी अधिकारी राधेश्याम रॉय का सागौर वृत्त में निरीक्षण के दौरान अवैध शराब के अहाते के नाम पर अभद्रता करने के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मंगलवार को दिनभर यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। वीडियो वायरल होने के बाद धार से लेकर भोपाल तक हडक़ंप मच गया। शराब सिंडीकेट का चहेता होने के कारण रसूख का इस्तेमाल करने में सबसे आगे रहने वाले एडीओ रॉय ने मामला दबाने का प्रयास भी किया, लेकिन मामले ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद जिला आबकारी अधिकारी विक्रमदीप सिंह सागर ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एडीओ रॉय को कार्यमुक्त करते हुए कार्यालय में अटैच कर दिया है। साथ ही वीडियो प्रकरण की जांच के आदेश दिए है।

जिला आबकारी कार्यालय में पदस्थ एडीओ राधेश्याम रॉय के पास धार, कुक्षी और सागौर वृत्त का प्रभार है। ऐसे में आबकारी अधिकारी सांगर ने तत्काल प्रभाव से मंगलवार देर रात आदेश जारी करते हुए एडीओ रॉय को अपने दायित्वों से मुक्त करते हुए कार्यालय में अटैच कर दिया है। इधर वीडियो प्रकरण की जांच भी करवाई जा रही है। इधर वीडियो प्रकरण में जांच के आदेश पर कहा जा रहा है कि इस तरह की कई जांच पहले भी हुई है, लेकिन रॉय का जिले से मोह ऐसा है कि वे सालों से यहीं जमे है। इस बार भी जांच की पूर्ति होने पर दोबारा कार्यलय से वृत्त में फिर दौड़ लगाने के लिए तैयार हो जाएंगे।

शराब ठेकेदारों पर काम करने के आरोप : सूत्र बताते है कि एडीओ रॉय शराब सिंडीकेट और ठेकेदारों के इशारे पर काम करते है। इस कारण एडीओ रॉय का धार जिले से मोह नहीं जाता है। यहीं कारण है धार, पीथमपुर, धामनोद, कुक्षी और फिर घूमकर धार में आ गए है। लेकिन इनके कार्यकाल इतने सरल नहीं है जो सुर्खियों में न आए हो। एडीओ रॉय के कार्यकाल के दौरान शिकायतें और वाद-विवाद आम है। इसके पहले धरमपुरी के निकट उमरबन में एक आदिवासी युवक की पीटाई का वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश की सियासत गर्मा गई थी। इसका कारण एडीओ रॉय थे। वीडियो वायरल होने के बाद रॉय पर कार्रवाई के लिए पूर्व कांग्रेसी विधायक पांचीलाल मेड़ा को मोर्चा खोलना पड़ा था। लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस सरकार एडीओ रॉय पर कार्रवाई नहीं कर पाई। ऐसे में पूर्व विधायक मेड़ा ने इस्तीफे की धमकी तो सरकार ने कार्रवाई करते हुए रॉय को खरगोन भेज दिया था।

खरगोन में भाजपा नेता से विवाद : सूत्र बताते है कि खरगोन जाने के बाद एडीओ रॉय का खरगाने में भी किसी भाजपा नेता से विवाद हो गया। इसमें भाजपा नेता ने रॉय की शिकायत की तो रॉय फिर घूम फिरकर धार आ गए। तब से वे धार में ही जमे हुए है। अब ताजा मामाला सागौर वृत्त का है, जहां 28 अक्टूबर को अवैश शराब पर कार्रवाई के दौरान रॉय ने एक युवक के साथ मारपीट और अभद्रता की। इसका सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है।

आबकारी ने शुरू की मामले की जांच : इस मामले में जिला आबकारी अधिकारी सांगर ने मंगलवार देर रात जांच के आदेश दिए है। सांगर ने आदेश जारी कर बताया कि रॉय को लेकर एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें युवक के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की बात मीडिया के जरीए सामने आ रही है। इसमें निष्पक्ष जांच के लिए रॉय को धार, कुक्षी और सागौर वृत्त के दायित्व से मुक्त करते हुए जांच की बात कही है।

इंदौर संभाग

आदिवासी अंचल के अनुभव के साथ झाबुआ की कमान अब देवेंद्र पाटीदार के हाथ

Published

on

बोले – जनता का भरोसा जीतने के साथ सुरक्षा और जनसंवाद रहेगी पहली प्राथमिकता

झाबुआ। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (SP) देवेंद्र कुमार पाटीदार ने आज विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। राज्य पुलिस सेवा के अनुभवी अधिकारी पाटीदार ने कमान संभालते ही स्पष्ट कर दिया कि झाबुआ में पुलिसिंग का नया स्वरूप देखने को मिलेगा, जहाँ कानून का खौफ अपराधियों में होगा और सुरक्षा का अहसास आम जनता को।

डॉ. शिव दयाल सिंह की जगह ली
पाटीदार ने निवर्तमान एसपी डॉ. शिव दयाल सिंह का स्थान लिया है, जिन्हें पदोन्नत कर पुलिस मुख्यालय भोपाल में डीआईजी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदभार ग्रहण के दौरान विभाग के अन्य अधिकारियों ने नए एसपी का स्वागत किया और जिले की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।

ट्रैफिक और अपराध नियंत्रण पर ‘थ्री-डी’ प्रहार
कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए एसपी देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि हमारा फोकस केवल पारंपरिक पुलिसिंग तक सीमित नहीं रहेगा। हम थ्री-डी फॉर्मूले पर काम करेंगे, जिसमें ट्रैफिक मैनेजमेंट और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना प्रमुख है। अनसुलझे मुद्दों को सुलझाने के लिए नागरिकों को विश्वास में लिया जाएगा। पुलिस और जनता के बीच का ‘गैप’ कम किया जाएगा ताकि स्थानीय समस्याओं का प्रभावी और त्वरित समाधान हो सके।

आदिवासी अंचल के अनुभव का मिलेगा लाभ
देवेंद्र पाटीदार को आदिवासी क्षेत्रों में काम करने का लंबा और व्यवहारिक अनुभव है। वे पूर्व में धार जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और बुरहानपुर में एसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। धार में लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने आदिवासी समाज की परंपराओं, संस्कृति और वहां की भौगोलिक चुनौतियों को करीब से समझा है। झाबुआ जैसे आदिवासी बहुल जिले में उनका यह मैदानी अनुभव अपराध नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।

Continue Reading

इंदौर संभाग

रतलाम पुलिस ने बाजना में डकैती और हत्या का 72 घंटे में खुलासा…. 4 आरोपी गिरफ्तार

Published

on

माही नदी पर पुल पर भी आरोपियों ने की थी डकैती, डीजे पर नाचने को लेकर कर दी थी हत्‍या

रतलाम। बाजना पुलिस ने क्षेत्र में सनसनी फैलाने वाली डकैती और हत्या की दो अलग-अलग वारदातों का मात्र 72 घंटों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इन मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।

माही नदी पुल पर हुई थी डकैती
बीती 13 अप्रैल को बांसवाड़ा निवासी कादर खां अपनी पुत्री के साथ जावरा से शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम रतनगढ़पीठ में माही नदी पुल पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर उनका रास्ता रोका। बदमाशों ने डरा-धमकाकर नकदी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, जनआधार कार्ड और आभूषणों सहित कुल 20 हजार रुपये व अन्य सामान लूट लिया था। बाजना पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया था।

डीजे पर नाचने को लेकर हुई हत्या
दूसरी घटना 14 अप्रैल की है, जहां ग्राम देवीपाड़ा में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि निलेश झोड़िया और उसके साथियों ने सुनील झोड़िया पर चाकू और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार और एएसपी विवेक कुमार के मार्गदर्शन में एसडीओपी नीलम बघेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कड़ी मेहनत और पतारसी के बाद चार मुख्य आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया।

पुलिस टीम ने मामले में निलेश झोड़िया निवासी चिकनी, शम्भू भाभर निवासी रतनगढ़ पीठ, सुभाष सिंगाड़ निवासी पिपलीपाड़ा, तोलु खड़िया निवासी मलवासी को गिरफ्तार किया आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई 2 मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। मामले का एक अन्य आरोपी अश्विन कटारा निवासी केलदा फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस दोहरे खुलासे में बाजना थाना प्रभारी मनीष डावर, रावटी प्रभारी सुरेंद्र गडरिया, सरवन प्रभारी अर्जुन सेमलिया सहित उनकी टीम के उपनिरीक्षक रामसिंह खपेड़, जीवन बारिया और अन्य आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Continue Reading

इंदौर संभाग

बेरछा जंगल सामूहिक दुष्कर्म कांड के दोनों आरोपियों को एसआईटी ने किया गिरफ्तार

Published

on

पुलिस टीमों ने पैदल और ड्रोन से जंगलों में की निगरानी, सुनसान इलाकों में प्रेमी जोड़ों का इंतजार करते थे आरोपी

हथियारों के दम पर मारपीट, लूटपाट कर देते थे दुष्‍कर्म जैसी वारदातों को अंजाम

इंदौर। महू क्षेत्र अंतर्गत बेरछा के जंगलों में एक युवती के साथ हुए सनसनीखेज सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस घटना में शामिल दो आरोपियों को धर दबोचा है। 14 अप्रैल को पीड़‍िता अपने दोस्‍त के बाद लगनसा बाबा मंदिर में घुमने गई थी जहां दोनों आरोपियों ने मारपीट कर उससे सामूहिक दुष्‍कर्म किया था, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया था।

यह था घटनाक्रम
बीती 14 अप्रैल को पीड़िता अपने दोस्त के साथ लगनसा बाबा मंदिर घूमने आई थी। दर्शन के बाद जब वे पास के जंगल में बैठे थे, तभी दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने पीड़िता के दोस्त के साथ मारपीट की और युवती को जबरन जंगल के अंदर ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना के बाद थाना बड़गोंदा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस की एसआईटी और ड्रोन से सर्च ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्ष अनुराग और एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। पुलिस ने आरोपियों को खोजने के लिए
बेरछा के घने जंगलों में पैदल गश्त के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। आसपास के पेट्रोल पंपों और रास्तों के फुटेज खंगाले गए और आरोपियों के स्केच जारी कर उन पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

घात लगाकर करते थे शिकार
पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी आदतन अपराधी हैं। वे अक्सर जंगलों में पिकनिक स्पॉट या तालाबों के किनारे शराब पीते हुए प्रेमी जोड़ों का इंतजार करते थे। मौका मिलते ही वे हथियारों के दम पर मारपीट, लूटपाट और दुष्कर्म जैसी वारदातों को अंजाम देकर पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो जाते थे।

फिर से वारदात की फिराक में थे आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उसी हुलिए के दो संदिग्ध व्यक्ति फिर से किसी वारदात की नीयत से बेरछा जंगल में घूम रहे हैं। एसआईटी ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

Continue Reading

Website Owner : Lakhan Tank

Contact us : +919770922244

Advertisement

Trending

Copyright © 2024 Sutraa News. Made with ❤️ by Junior Digital.

You cannot copy content of this page