धार
धार में नवरात्रि की तैयारियों पर नगर पालिका की लापरवाही…….मेला प्रांगण में गड्ढे और कीचड़, सफाई व्यवस्था का भी बुरा हाल
नपा ने जिस देवी सागर तालाब के कुएं की सफाई का किया था दावा….. हकीकत में वह अब भी कचरे से भरा
– कांग्रेस पार्षद दल ने कलेक्टर से की हस्तक्षेप की मांग
धार। शारदीय नवरात्रि शुरू होने से ठीक पहले नगर पालिका की तैयारियों में भारी लापरवाही सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों में गहरा आक्रोश है। माता मंदिर प्रांगण और शहर के मुख्य मार्गों की खराब हालत ने श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा दी है। इस मामले में कांग्रेस के पार्षदों ने निरीक्षण कर जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

कालिका मार्ग पर बटूक भैरव मंदिर की गली से सटा कचरे का अंबार
अधूरे और खराब काम का निरीक्षण
आज कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि अजय डॉ. मनोहर सिंह ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष करीम कुरैशी, पार्षद ईश्वर सिंह ठाकुर,पार्षद सारिका ठाकुर, बटी डोड, बरसात सिसोदिया,पार्षद मनीष कन्नौज द्वारा मेला प्रांगण, नगर के गरबा पंडालों, नगर के मार्गो का निरीक्षण किया गया।

देवी सागर तालाब के जिस कुएं की सफाई के दावे किए गए थे वो अब भी कचरे से भरा हुआ है
अन्य पार्षदों ने शहर के विभिन्न गरबा पंडालों, माता मंदिर के मेला प्रांगण और मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई कमिया मिलीं।
मेला प्रांगण में गड्ढे और कीचड़ – निरीक्षण दल ने पाया कि माता मंदिर का वर्षों पुराना मेला प्रांगण बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, और हल्की बारिश में भी यहाँ कीचड़ हो जाता है, जिससे नंगे पैर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चलना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा, सफाई के नाम पर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। दो दिन पहले जिस देवी सागर तालाब के कुएं की सफाई का दावा किया गया था, वह आज भी कचरे से भरा पड़ा है।

तालाब के किनारे पड़ी गंदगी खुद नगर पालिका की पोल खोल रही
सफाई व्यवस्था का बुरा हाल
मंदिर तक पहुँचने वाले रास्तों की हालत भी खराब है। छत्री क्षेत्र में आश्रम के सामने कचरे का ढेर लगा हुआ है, और झिरनिया से मंदिर पहुँचने वाला मार्ग भी गंदगी से अटा पड़ा है। शहर के मुख्य मार्ग भी टूटे हुए हैं, जिसमें मंडी मार्ग और भाजपा कार्यालय के पास का रास्ता भी शामिल है, जहाँ गिट्टी उखड़ गई है।

छत्री वाले मार्ग पर भी कई जगहों पर गंदगी और गढ्ढे
गरबा पंडालों की भी अनदेखी
कांग्रेस के प्रवक्ता ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष कुरैशी ने बताया कि हर साल नवरात्रि से पहले गरबा पंडालों पर सीमेंट-कंक्रीट का काम किया जाता था, लेकिन इस साल इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। साथ ही, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई भी नहीं की गई है, जिससे स्वच्छता की स्थिति और भी बदतर हो गई है।
धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ का आरोप
कांग्रेस के पार्षदों ने नगर पालिका पर धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह लापरवाही न केवल श्रद्धालुओं को परेशान कर रही है, बल्कि यह धार नगर की धार्मिक पहचान पर भी एक धब्बा है।
कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग
इस स्थिति को देखते हुए, पार्षद दल ने कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप करने और इन सभी लापरवाहियों को जल्द से जल्द सुधारने की मांग की है ताकि नवरात्रि उत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

धार
धार कांग्रेस में अल्पसंख्यक मोर्चे के नए जिलाध्यक्ष के लिए वन-टू-वन मंथन, दावेदारों से लिए आवेदन, बंद कमरे में हुई चर्चा
प्रभारी कुरैशी दो टूक…… सक्रिय और जमीनी स्तर पर पकड़ रखने वाले कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता
धार। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत धार जिले में अल्पसंख्यक कांग्रेस को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के निर्देश पर धार जिला मुख्यालय पर एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष का चयन और आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठन का बूथ स्तर तक विस्तार करना रहा।

दावेदारों से लिए आवेदन, बंद कमरे में हुई चर्चा
अभियान के तहत धार पहुंचे जिला प्रभारी साजिद कुरैशी ने बैठक के दौरान स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने नए जिलाध्यक्ष पद के लिए इच्छुक दावेदारों से बंद लिफाफे में आवेदन आमंत्रित किए। प्रभारी कुरैशी ने स्पष्ट किया कि संगठन में सक्रिय और जमीनी स्तर पर पकड़ रखने वाले कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता दी जाएगी। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन चर्चा कर संगठन की जमीनी हकीकत का फीडबैक भी लिया।
बूथ स्तर पर विचारधारा मजबूत करने पर जोर
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि अल्पसंख्यक कांग्रेस पार्टी की रीढ़ है। उन्होंने संगठन को और अधिक गतिशील व सक्रिय बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे और आपसी एकजुटता पर बल दिया। वहीं बैठक के मुख्य वक्ता पारितोष सिंह ने संगठन सृजन अभियान के मूल उद्देश्यों पर कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के कंधों पर है। जब हमारा बूथ मजबूत होगा, तभी संगठन हर चुनौती का सामना करने में सक्षम बनेगा।
बैठक में ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व अध्यक्ष डॉ. रफ़ीक शेख के स्वागत भाषण से हुई। मंच संचालन प्रकोष्ठ अध्यक्ष शकील खान ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन टोनी छाबड़ा द्वारा व्यक्त किया गया। बैठक में
शाकिर भाई एडवोकेट, अजगर भाई, डॉ. जियाउल हक, डॉ. जाकिर गुणवाद, वरिष्ठ कांग्रेसी प्रवक्ता अजय सिंह ठाकुर, सतपाल बरनाला, राजेश पवार, शाकिर केसुर जावेद खान खलघाट और रोहित कामदार ने बैठक में अपने विचार रखे।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों ने एक सुर में संकल्प लिया कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर संगठन सृजन अभियान को सफल बनाएंगे और कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएंगे।
धार
बाग पुलिस ने पाडलिया नैनगांव फाटे पर हुई डकैती का किया पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार, 4 फरार
चलती गाड़ी पर दंपत्ति को लात मारकर गिराया, फिर की थी लूटपाट
धार। बाग थाना पुलिस ने पाडलिया नैनगांव फाटे के पास दंपति को लात मारकर गिराने और बैग लूटने वाली गैंग का पर्दाफाश कर दिया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके चार अन्य साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पकड़े गए बदमाशों के पास से लूटे गए चांदी के कड़े, नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
चलती गाड़ी पर लात मारकर गिराया, फिर की लूटपाट
22 मई की रात करीब 8 बजे फरियादी महिला अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम पीपरी से वापस अपने गांव चिलवा लौट रही थी। इसी दौरान पाडलिया नैनगांव फाटे के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए छह अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। बदमाशों ने लूट की नीयत से दंपति की मोटरसाइकिल को चलती गाड़ी में लात मारकर नीचे गिरा दिया, जिससे फरियादी महिला को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद बदमाश महिला के हाथ से बैग छीनकर रफूचक्कर हो गए। बैग में दो चांदी के कड़े और 5 हजार रुपये नगद रखे थे। पीड़िता की शिकायत पर थाना बाग में डकैती का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
रिमांड में उगला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। ब मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने ग्राम झिरपनिया के पास घेराबंदी कर संदेही मगन भील को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर मगन ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस सनसनीखेज डकैती को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान मिली कड़ियों के आधार पर पुलिस ने दूसरे सह-आरोपी दिनेश अनारे को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से लूट गए चांदी के कड़े, नगद राशि और एक बाइक को जप्त किया है।
इनकी रही भूमिका : डकैती के को चंद दिनों में सुलझाने में बाग थाना प्रभारी निरीक्षक कैलाश चौहान, उनि तोसिफ अली, सउनि लोकेश रायपुरिया, सउनि दशरथसिंह चौहान, सउनि कमलेश राठौड़िया, प्रधान आरक्षक सखाराम गोखले, भावसिंह रावत, रेलमसिंह भिण्डे, गजेन्द्र कनेश, कैलाश गेहलोत सहित आरक्षक राजू चौहान, दुर्गेश, सीताराम डोडवे, कलमसिंह डुडवे, लालसिंह चौहान, मुकेश और सुरेश की मुख्य भूमिका रही,इसके साथ ही तकनीकी सहायता के लिए साइबर सेल धार के उनि प्रशांत गुंजाल एवं आरक्षक प्रशांत चौहान का भी विशेष और सराहनीय योगदान रहा।
धार
झाबुआ जिला अस्पताल में धार की बहू ने बिना ऑपरेशन के दिया तीन बेटियों को जन्म
मां और तीनों बच्चों की सेहत में लगातार हो रहा सुधार, डॉक्टर बोले – ऐसे मामलों में ऑपरेशन का ही विकल्प
धार, झाबुआ। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की उत्कृष्ट सूझबूझ और कुशलता के चलते एक महिला ने बिना किसी जटिल ऑपरेशनके सामान्य प्रसव के जरिए एक साथ तीन स्वस्थ बेटियों को जन्म दिया। वर्तमान में मां और तीनों नवजात बच्चियां पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
ऐसे मामलों में ऑपरेशन का ही विकल्प : प्राप्त जानकारी के अनुसार धार जिले के ग्राम कुशलपुरा की निवासी श्रीमती रीना पति सुकराम जिनका मायका झाबुआ का गोपालपुरा है को प्रसव पीड़ा होने पर झाबुआ के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गर्भ में तीन बच्चे होने के कारण यह मामला बेहद संवेदनशील और जोखिम भरा था। आमतौर पर ऐसे मामलों में डॉक्टर सिजेरियन ऑपरेशन का ही विकल्प चुनते हैं, लेकिन यहाँ की मेडिकल टीम ने अपनी काबिलियत और धैर्य का परिचय देते हुए पूरी तरह सामान्य और सफल प्रसव कराया।
चिकित्सकों के अनुसार, जन्म लेने वाली तीनों बेटियों का वजन अलग-अलग है पहली बेटी: 1.2 किलोग्राम, दूसरी बेटी: 1.3 किलोग्राम, तीसरी बेटी: 1.8 किलोग्राम कम वजन होने के कारण पहली और दूसरी बच्ची को एहतियात के तौर पर एनआईसीयू शिशु गहन चिकित्सा इकाई में विशेष डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है। वहीं, 1.8 किलो वजन वाली तीसरी बेटी पूरी तरह सामान्य होकर वार्ड में अपनी मां के पास है। डॉक्टरों ने बताया कि चारों की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।
इस बेहद चुनौतीपूर्ण प्रसव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में झाबुआ जिला अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतिष्ठा चौहान, नर्सिंग ऑफिसर मंजू निनामा और हिमानी खतरकर सहित लेबर रूम के पूरे स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।
-
धार2 weeks agoधार में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई….. 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते डीपीसी रंगे हाथों गिरफ्तार
-
धार5 months agoपूर्व पार्षद व भाजपा नेता सन्नी राठौड़ सहित चार पर प्रकरण दर्ज
-
धार5 months agoधार प्रधान डाकघर में घोटालों का खुलासा……तीन कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज
-
धार5 months agoबदनावर के नवोदय विद्यालय में साइलेंट अटैक से 13 साल की बच्ची की मौत
-
धार2 years agoCM visit In Amzera : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अमझेरा, मिथ्या तोड़ कर लगाएंगे विराम….ढ़ाई घंटे रुकेंगे अमझेरा
-
धार2 years agoधार में सड़क हादसा : दो पुलिसकर्मियों की कार पेड़ से टकराई, एक की मौत
-
धार2 years agoSutra LIVE : स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़क पर उतरी कांग्रेस, विद्युत वितरण कंपनी का कार्यालय घेरा
-
धार2 years agoमुख्यमंत्री डा मोहन यादव आज अमझेरा की मिथ्या को लगाएंगे विराम

