Connect with us

धार

सुरजपुरा कांड के डेढ़ माह बाद भी तिरला पुलिस के हाथ खाली

Published

on

तस्‍करों ने सरकारी वाहनों की थी तोड़फोड़, वाहन मौके पर छोड़ भागे थे अधिकारी

दबिश टीम के चार से अध‍िक कर्मचारी हुए थे घायल, गोफन, पत्थरों से हुआ था हमला

धार। तिरला थाना क्षेत्र के ग्राम सुरजपुरा में आबकारी विभाग और शराब कंपनी की दबिश टीम पर हुए जानलेवा हमले को डेढ़ महीना बीत चुका है, लेकिन मुख्य आरोपी आज भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सरकारी वाहनों में तोड़फोड़, फायरिंग और अधिकारियों पर हमले जैसे संगीन मामले में पुलिस की कछुआ चाल कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

बीती 8 और 9 जनवरी की दरमियानी रात को सुरजपुरा के पास अवैध शराब की तस्करी की सूचना पर आबकारी और दबिश टीम घेराबंदी करने पहुंची थी। वहां मौजूद शराब माफियाओं ने फिल्मी अंदाज में गोफन, पत्थरों और लाठियों से हमला बोल दिया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आबकारी विभाग को अपनी जान बचाकर सरकारी वाहन तक मौके पर छोड़ना पड़ा। घटना के वायरल वीडियो में फायरिंग की आवाजें भी सुनाई दी थीं, जिसने इलाके में दहशत फैला दी थी।

घटना के तुरंत बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने बड़े-बड़े दावे किए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था, लेकिन हकीकत यह है कि डेढ़ महीने में पुलिस सिर्फ एक आरोपी को पकड़ पाई है।जब शासकीय कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमला करने वालों की पहचान वीडियो और मौके से जब्त आयशर वाहन के जरिए स्पष्ट है, तो फिर गिरफ्तारी में देरी क्यों? क्या पुलिस किसी के दबाव में है। तिरला थाना प्रभारी ज्योति पटेल का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या डेढ़ महीना अपराध‍ियों को खोजने के लिए पर्याप्त नहीं है?

इस प्रकरण को गंभीरता से न लेना पुलिस प्रशासन की छवि को धूमिल कर रहा है। यदि अधिकारियों पर हाथ डालने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन नहीं होता, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? अवैध शराब के इस काले कारोबार को किसका संरक्षण प्राप्त है, यह अब जांच का नहीं बल्कि चर्चा का विषय बन चुका है।

धार

झाबुआ जिला अस्पताल में धार की बहू ने बिना ऑपरेशन के दिया तीन बेटियों को जन्म

Published

on

मां और तीनों बच्‍चों की सेहत में लगातार हो रहा सुधार, डॉक्‍टर बोले – ऐसे मामलों में ऑपरेशन का ही विकल्‍प

धार, झाबुआ। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की उत्कृष्ट सूझबूझ और कुशलता के चलते एक महिला ने बिना किसी जटिल ऑपरेशनके सामान्य प्रसव के जरिए एक साथ तीन स्वस्थ बेटियों को जन्म दिया। वर्तमान में मां और तीनों नवजात बच्चियां पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।

ऐसे मामलों में ऑपरेशन का ही विकल्‍प : प्राप्त जानकारी के अनुसार धार जिले के ग्राम कुशलपुरा की निवासी श्रीमती रीना पति सुकराम जिनका मायका झाबुआ का गोपालपुरा है को प्रसव पीड़ा होने पर झाबुआ के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गर्भ में तीन बच्चे होने के कारण यह मामला बेहद संवेदनशील और जोखिम भरा था। आमतौर पर ऐसे मामलों में डॉक्टर सिजेरियन ऑपरेशन का ही विकल्प चुनते हैं, लेकिन यहाँ की मेडिकल टीम ने अपनी काबिलियत और धैर्य का परिचय देते हुए पूरी तरह सामान्य और सफल प्रसव कराया।

चिकित्सकों के अनुसार, जन्म लेने वाली तीनों बेटियों का वजन अलग-अलग है पहली बेटी: 1.2 किलोग्राम, दूसरी बेटी: 1.3 किलोग्राम, तीसरी बेटी: 1.8 किलोग्राम कम वजन होने के कारण पहली और दूसरी बच्ची को एहतियात के तौर पर एनआईसीयू शिशु गहन चिकित्सा इकाई में विशेष डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है। वहीं, 1.8 किलो वजन वाली तीसरी बेटी पूरी तरह सामान्य होकर वार्ड में अपनी मां के पास है। डॉक्टरों ने बताया कि चारों की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।

इस बेहद चुनौतीपूर्ण प्रसव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में झाबुआ जिला अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतिष्ठा चौहान, नर्सिंग ऑफिसर मंजू निनामा और हिमानी खतरकर सहित लेबर रूम के पूरे स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।

Continue Reading

धार

धामनोद में नर्मदा पुल से कूदकर आत्‍महत्‍या की कोशिश कर रहे अधेड़ को पुलिस ने बचाया

Published

on

डायल-112 की एफआरवी गाड़ी सूचना मिलते की चंद मिनटों में पहुंची, परिजनों के सुपुर्द किया

धार। मध्य प्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा की तत्परता और सूझबूझ से एक व्यक्ति की जान बच गई। खलघाट स्थित नर्मदा नदी के बड़े पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक 45 वर्षीय अधेड़ को पुलिस स्टाफ ने ऐन वक्त पर पहुंचकर सुरक्षित बचा लिया।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्‍त जानकारी के अनुसार 112 कंट्रोल रूम को एक आपातकालीन सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि खलघाट स्थित नर्मदा ब्रिज पर एक व्यक्ति खड़ा है और नदी में कूदकर अपनी जान देने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरवी गाड़ी तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस कर्मियों ने बिना एक पल गंवाए घटना स्थल पर पहुंचकर तत्परता दिखाई और आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्ति को सूझबूझ से सुरक्षित पकड़ लिया।

परिजनों के सुपुर्द किया
पुलिस पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम राकेश म्हाले निवासी ऊन जिला खरगोन बताया। डायल-112 स्टाफ व्यक्ति को सुरक्षित बचाकर धामनोद थाने लेकर आया, जहां पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया। इसके बाद थाने में व्यक्ति की उचित काउंसलिंग की गई और उसे सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। अपनों को सही-सलामत पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

धार

बिखरौन में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Published

on

जहर खाकर सुसाइड की आशंका, 1 महीने पहले ही हुई थी शादी

धार। ग्राम बिखरौन में एक नवविवाहिता की जहरीला पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। धामनोद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बिखरौन निवासी मीनाक्षी की शादी लगभग एक महीने पहले मनावर निवासी संजय निगवाल से हुआ था। शादी के बाद मीनाक्षी अपने मायके बिखरौन आई हुई थी।

मंगलवार को अज्ञात कारणों से मीनाक्षी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल धामनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने मीनाक्षी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल धार रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत धामनोद पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर धामनोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बुधवार को पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शादी के एक माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से परिवार सदमे में है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। धामनोद पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Continue Reading

Trending

Copyright © 2024 Sutraa News. Made with ❤️ by Junior Digital.

You cannot copy content of this page