Connect with us

धार

मधुमक्खियों के हमले ने छीना बीमार मां का इकलौता सहारा, लकड़हारे की दर्दनाक मौत

Published

on

लकड़ी बिनने के दौरान मधुमक्खियों के झूंड ने कर दिया था हमला

धार बाग जनपद के ग्राम जामनियापूरा में गुरुवार शाम जंगल में लकड़ी बीनने गए 36 वर्षीय एक लकड़हारे पर मधुमक्खियों के झुंड ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवक की मौत हो गई, उसकी 85 वर्षीय बीमार मां के सिर से इकलौता सहारा छिन गया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सहायता का भरोसा दिलाया है।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार, ग्राम जामनियापूरा निवासी देवीसिंह (36) गुरुवार शाम को पास के नाले के समीप ईंधन के लिए लकड़ियां एकत्रित कर रहे थे। क्षेत्र में चली तेज आंधी के कारण मधुमक्खियों का एक विशाल छत्ता पेड़ से टूटकर नीचे गिरा हुआ था। जैसे ही देवीसिंह वहां पहुंचे, उत्तेजित मधुमक्खियों ने उन पर धावा बोल दिया।

खुद को बचाने के लिए देवीसिंह भागकर अपने एक रिश्तेदार सुखलाल के घर में छिप गए, लेकिन तब तक मधुमक्खियां उन्हें बुरी तरह काट चुकी थीं। उचित उपचार और समय पर अस्पताल न पहुंच पाने के कारण शुक्रवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों और पूर्व सरपंच सरदार कटारे की मदद से शव को बाग स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉ. सैफाली जयसवाल ने शव का परीक्षण किया। डॉ. जयसवाल ने बताया कि, मृतक के शरीर पर मधुमक्खियों के डंक के अनगिनत निशान थे। समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण शरीर में जहर फैल गया, जिससे मौत हुई है।

बुजुर्ग मां के सामने रोजी-रोटी का संकट
देवीसिंह की मौत से उनके घर में मातम पसरा है। उनकी पत्नी का पहले ही देहांत हो चुका था और उनकी कोई संतान नहीं है। घर में केवल उनकी 85 वर्षीय मां हैं, जो गंभीर बीमारी के कारण बिस्तर पर हैं। देवीसिंह लकड़ियां बेचकर मिलने वाले रुपयों से ही अपनी मां की दवा और भोजन का प्रबंध करते थे। अब इस वृद्ध मां की देखभाल करने वाला कोई नहीं बचा है।

प्रशासन ने बढ़ाया मदद का हाथ
घटना के बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर अंतिम संस्कार के लिए चंदा जुटाने की पहल की है। मामला संज्ञान में आने पर जनपद सीईओ वीके गुप्ता ने शोक व्यक्त करते हुए अंत्येष्टि के लिए तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने ग्राम पंचायत सरपंच को निर्देशित किया है कि परिवार को हर संभव सरकारी मदद मुहैया कराई जाए। सरपंच प्रतिनिधि अर्जुन चौहान ने भी पंचायत की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया है।

धार

धामनोद में नर्मदा पुल से कूदकर आत्‍महत्‍या की कोशिश कर रहे अधेड़ को पुलिस ने बचाया

Published

on

डायल-112 की एफआरवी गाड़ी सूचना मिलते की चंद मिनटों में पहुंची, परिजनों के सुपुर्द किया

धार। मध्य प्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा की तत्परता और सूझबूझ से एक व्यक्ति की जान बच गई। खलघाट स्थित नर्मदा नदी के बड़े पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक 45 वर्षीय अधेड़ को पुलिस स्टाफ ने ऐन वक्त पर पहुंचकर सुरक्षित बचा लिया।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्‍त जानकारी के अनुसार 112 कंट्रोल रूम को एक आपातकालीन सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि खलघाट स्थित नर्मदा ब्रिज पर एक व्यक्ति खड़ा है और नदी में कूदकर अपनी जान देने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरवी गाड़ी तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस कर्मियों ने बिना एक पल गंवाए घटना स्थल पर पहुंचकर तत्परता दिखाई और आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्ति को सूझबूझ से सुरक्षित पकड़ लिया।

परिजनों के सुपुर्द किया
पुलिस पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम राकेश म्हाले निवासी ऊन जिला खरगोन बताया। डायल-112 स्टाफ व्यक्ति को सुरक्षित बचाकर धामनोद थाने लेकर आया, जहां पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया। इसके बाद थाने में व्यक्ति की उचित काउंसलिंग की गई और उसे सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। अपनों को सही-सलामत पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

धार

बिखरौन में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Published

on

जहर खाकर सुसाइड की आशंका, 1 महीने पहले ही हुई थी शादी

धार। ग्राम बिखरौन में एक नवविवाहिता की जहरीला पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। धामनोद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बिखरौन निवासी मीनाक्षी की शादी लगभग एक महीने पहले मनावर निवासी संजय निगवाल से हुआ था। शादी के बाद मीनाक्षी अपने मायके बिखरौन आई हुई थी।

मंगलवार को अज्ञात कारणों से मीनाक्षी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल धामनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने मीनाक्षी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल धार रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत धामनोद पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर धामनोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बुधवार को पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शादी के एक माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से परिवार सदमे में है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। धामनोद पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Continue Reading

धार

मांडू के जंगलों में मिली सिर कुचली लाश मामले का खुलासा……पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Published

on

जंगल में ले जाकर उतारा मौत के घाट, नातरे के विवाद में पत्थर से कुचलकर की थी निर्मम हत्या

धार। पर्यटन नगरी मांडू क्षेत्र के उण्डाखो के जंगलों में मिली अज्ञात लाश के अंधे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है, पूरा मामला नातरा प्रथा करवने के नाम पर एक युवक को बुलाकर सिर कुचलकर बेरहमी से हत्‍या करने का निकला है, पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जंगलों में मिली थी पत्थरों से कुचली लाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल को उण्डाखो के घने जंगलों में ग्रामीणों को एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला था। हत्यारे ने पहचान छुपाने के इरादे से मृतक का चेहरा और सिर पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया था। माण्डव पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और अज्ञात आरोपी के खिलाफजघन्य हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तकनीकी साक्ष्यों से हुई मृतक की पहचान
केस अंधा था और पुलिस के पास न तो मृतक की पहचान थी और न ही कातिल का कोई सुराग। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धार सचिन शर्मा, एएसपी विजय डावर और एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में माण्डव थाना प्रभारी इंदलसिंह रावत की टीम और साइबर सेल धार ने जाल बिछाया। घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सबसे पहले मृतक की पहचान भेरूलाल पिता मूलचंद मुनिया निवासी मुल्थान थाना बदनावर के रूप में हुई।

फिर जंगल में ले जाकर उतारा मौत के घाट
पुलिस की कड़ाई से की गई विवेचना में सच सामने आया, जांच में पता चला कि आरोपी करण पिता तेरसिंह बघेल निवासी पिपलीमाल, हाल मुकाम बामनपुरी ने योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया था। 4 अप्रैल को आरोपी करण ने भेरूलाल को नातरा प्रथा करवाने का लालच देकर बदनावर से बस द्वारा धार बुलाया। करण खुद मोटरसाइकिल लेकर धार पहुंचा और भेरूलाल को बैठाकर माण्डव होते हुए बामनपुरी अपने घर ले गया।

नातरे को लेकर दोनों में हुआ था विवाद
बामनपुरी में दोनों के बीच नातरे की बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्साए करण ने भेरूलाल को ठिकाने लगाने उसे उण्डाखो के सुनसान जंगलों में ले गया और पत्थरों से पीट-पीटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी करण बघेल को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को जिला जेल धार भेज दिया गया है।

इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में माण्डव थाना प्रभारी निरीक्षक इंदलसिंह रावत, एएसआई भेरूसिंह देवड़ा, प्रधान आरक्षक मनोहर निंगवाल, आरक्षक जितेंद्र कन्नोजे, आरक्षक सुशील किराड़े, महिला आरक्षक सपना जमरे और धार साइबर सेल की सराहनीय भूमिका रही।

Continue Reading

Trending

Copyright © 2024 Sutraa News. Made with ❤️ by Junior Digital.

You cannot copy content of this page