धार
भोजशाला में दर्शन के बाद बोले गौतम खट्टर – अब यह पूर्णतः शाश्वत मंदिर, नेता श्रेय लेने के बजाय विजय मंदिर को मूल स्वरूप में लौटाएं
लंदन से जल्द आए मां वाग्देवी की एक हजार साल पुरानी प्रतिमा, केंद्र सरकार करे कोर्ट के आदेश का पालन
धार। इंदौर हाईकोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद पहली बार भोजशाला पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता गौतम खट्टर ने मां सरस्वती के दर्शन किए। इस दौरान भोज उत्सव समिति के गोपाल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें भोजशाला के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया।
भोजशाला में हुए बदलावों पर चर्चा करते हुए गौतम खट्टर ने कहा, पिछली बार जब मैं यहां आया था, और आज जब आया हूँ, तो तीन बड़े परिवर्तन साफ नजर आ रहे हैं। पहले यहां नमाज होती थी, जो अब न्यायालय के सख्त आदेश के बाद पूरी तरह बंद हो चुकी है। अब यह पूर्ण और शाश्वत रूप से मां सरस्वती का मंदिर है, जहां सुबह-शाम नियमित रूप से आरती हो रही है।

लंदन से मां वाग्देवी की प्रतिमा लाने का आग्रह
लंदन में मौजूद मां वाग्देवी की प्रतिमा की वापसी पर उन्होंने कहा कि न्यायालय ने केंद्र सरकार को इस संबंध में आदेशित किया है। हम सभी केंद्र सरकार से पुरजोर आग्रह करते हैं कि अदालत के आदेश का जल्द से जल्द पालन किया जाए और मां सरस्वती की 1 हजार साल पुरानी प्राचीन प्रतिमा को लाकर यहां पुनर्स्थापित किया जाए, ताकि सनातनियों की आस्था को उसका मूल केंद्र मिल सके।
श्रेय लेने की होड़ पर नेताओं को घेरा
भोजशाला मुद्दे पर राजनीतिक दलों में श्रेय लेने की मची होड़ पर खट्टर ने कहा कि समाज के संघर्षों का श्रेय अंततः नेता ले ही लेते हैं, यह उनकी पुरानी आदत है। लेकिन समाज को कभी नहीं भूलना चाहिए कि यह लड़ाई किसने लड़ी। जब यहां भय का माहौल था, लोग बात करने से भी कतराते थे कि कहीं उनके परिवारों पर हमला न हो जाए, उस दौर में गोपाल शर्मा ने अग्रिम मोर्चे पर आकर बिना किसी डर के यह लड़ाई लड़ी। उन्होंने इस कानूनी जीत का पूरा श्रेय सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हरि शंकर जैन, विष्णु शंकर जैन और भोपाल के वकीलों की टीम को दिया, जिन्होंने रात-दिन कागजात तैयार कर यह विधिक युद्ध जीता।

सामर्थ्य है तो मस्जिद और गुंबद का स्वरूप बदलें नेता
क्रेडिट लेने वाले नेताओं को चुनौती देते हुए गौतम खट्टर ने कहा कि अगर मौजूदा सरकार और नेताओं में सचमुच सामर्थ्य है, तो वे भोजशाला के ठीक बाहर स्थित गुंबद के ढांचे को परिवर्तित करें, जहां प्राचीन सरस्वती कूप, हनुमान जी और शिव जी का मंदिर है।
विजय मंदिर लाट मस्जिद के रूप में परिवर्तित है
उन्होंने आगे कहा, राजा भोज ने जिस समय भोजशाला बनवाई थी, उसी काल में विजय मंदिर का भी निर्माण कराया था। आज वह विजय मंदिर लाट मस्जिद के रूप में परिवर्तित है, जहां कल बकरीद पर भी नमाज पढ़ी गई। जो नेता आज क्रेडिट लेने के लिए आगे आ रहे हैं, वे इस विजय मंदिर को उसके मूल स्वरूप में लाएं। मुझे पता है कि नेता यह नहीं कर पाएंगे; इसके लिए भी भविष्य में हमारे सामाजिक योद्धाओं और अधिवक्ताओं को ही संघर्ष करना होगा। इसमें थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन परिवर्तन निश्चित है।
धार
बिखरौन में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
जहर खाकर सुसाइड की आशंका, 1 महीने पहले ही हुई थी शादी
धार। ग्राम बिखरौन में एक नवविवाहिता की जहरीला पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। धामनोद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बिखरौन निवासी मीनाक्षी की शादी लगभग एक महीने पहले मनावर निवासी संजय निगवाल से हुआ था। शादी के बाद मीनाक्षी अपने मायके बिखरौन आई हुई थी।
मंगलवार को अज्ञात कारणों से मीनाक्षी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल धामनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने मीनाक्षी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल धार रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत धामनोद पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर धामनोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बुधवार को पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शादी के एक माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से परिवार सदमे में है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। धामनोद पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
धार
मांडू के जंगलों में मिली सिर कुचली लाश मामले का खुलासा……पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जंगल में ले जाकर उतारा मौत के घाट, नातरे के विवाद में पत्थर से कुचलकर की थी निर्मम हत्या
धार। पर्यटन नगरी मांडू क्षेत्र के उण्डाखो के जंगलों में मिली अज्ञात लाश के अंधे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है, पूरा मामला नातरा प्रथा करवने के नाम पर एक युवक को बुलाकर सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या करने का निकला है, पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जंगलों में मिली थी पत्थरों से कुचली लाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल को उण्डाखो के घने जंगलों में ग्रामीणों को एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला था। हत्यारे ने पहचान छुपाने के इरादे से मृतक का चेहरा और सिर पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया था। माण्डव पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और अज्ञात आरोपी के खिलाफजघन्य हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तकनीकी साक्ष्यों से हुई मृतक की पहचान
केस अंधा था और पुलिस के पास न तो मृतक की पहचान थी और न ही कातिल का कोई सुराग। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धार सचिन शर्मा, एएसपी विजय डावर और एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में माण्डव थाना प्रभारी इंदलसिंह रावत की टीम और साइबर सेल धार ने जाल बिछाया। घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सबसे पहले मृतक की पहचान भेरूलाल पिता मूलचंद मुनिया निवासी मुल्थान थाना बदनावर के रूप में हुई।
फिर जंगल में ले जाकर उतारा मौत के घाट
पुलिस की कड़ाई से की गई विवेचना में सच सामने आया, जांच में पता चला कि आरोपी करण पिता तेरसिंह बघेल निवासी पिपलीमाल, हाल मुकाम बामनपुरी ने योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया था। 4 अप्रैल को आरोपी करण ने भेरूलाल को नातरा प्रथा करवाने का लालच देकर बदनावर से बस द्वारा धार बुलाया। करण खुद मोटरसाइकिल लेकर धार पहुंचा और भेरूलाल को बैठाकर माण्डव होते हुए बामनपुरी अपने घर ले गया।
नातरे को लेकर दोनों में हुआ था विवाद
बामनपुरी में दोनों के बीच नातरे की बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्साए करण ने भेरूलाल को ठिकाने लगाने उसे उण्डाखो के सुनसान जंगलों में ले गया और पत्थरों से पीट-पीटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी करण बघेल को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को जिला जेल धार भेज दिया गया है।
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में माण्डव थाना प्रभारी निरीक्षक इंदलसिंह रावत, एएसआई भेरूसिंह देवड़ा, प्रधान आरक्षक मनोहर निंगवाल, आरक्षक जितेंद्र कन्नोजे, आरक्षक सुशील किराड़े, महिला आरक्षक सपना जमरे और धार साइबर सेल की सराहनीय भूमिका रही।
धार
एमपीआईडीसी ने हज़ार्गों इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित भूखंडों का आवंटन निरस्त किया
नियमों के उल्लंघन और भीषण अग्निकांड के बाद लिया कड़ा फैसला, पीथमपुर में अत्यधिक प्रदूषण फैलाने के गंभीर आरोप
धार। मध्य प्रदेश की प्रमुख औद्योगिक नगरी पीथमपुर में नियमों के विपरित संचालित हो रही कंपनी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम ने एक बड़ा कदम उठाते हुए हज़ार्गों इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित किए गए भूखंडों का आवंटन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। कंपनी पर लीज डीड की शर्तों का उल्लंघन करने, स्वीकृत कार्य के स्थान पर अवैध व अनधिकृत गतिविधियां चलाने और परिसर में अत्यधिक प्रदूषण फैलाने के गंभीर आरोप हैं।
भीषण अग्निकांड हुआ था
दरअसल, इसी साल 21 अप्रैल को हज़ार्गों इंडस्ट्रीज के परिसर में एक बेहद भीषण आग लग गई थी। इस आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि उन्होंने आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों को भी अपनी चपेट में ले लिया था। उस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम और अग्निशमन दल ने व्यापक स्तर पर संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर स्थिति पर काबू पाया था। इस घटना के बाद से ही औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों और पर्यावरण नियमों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे थे।
जांच में खुली पोल
अग्निकांड के बाद एमपीआईडीसी द्वारा मामले की विस्तृत समीक्षा और जांच की गई। जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आया कि कंपनी को जिस औद्योगिक गतिविधि के लिए जमीन दी गई थी, उसकी आड़ में परिसर के भीतर अवैध और अनधिकृत काम किए जा रहे थे। परिसर में ऐसी अत्यधिक प्रदूषणकारी गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जो औद्योगिक क्षेत्र के नियामकीय प्रावधानों का सीधा उल्लंघन थीं। मामले पर कार्रवाई करते हुए एमपीआईडीसी के अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि औद्योगिक क्षेत्रों में जमीन का आवंटन केवल स्वीकृत और पर्यावरण-अनुकूल कार्यों के लिए ही किया जाता है। औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और वैधानिक नियमों का पालन करना हर आवंटित इकाई की अनिवार्य जिम्मेदारी है। किसी भी परिस्थिति में अवैध या प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश में सुरक्षित और नियमबद्ध औद्योगिक विकास सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसी डिफाल्टर कंपनियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
-
धार2 weeks agoधार में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई….. 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते डीपीसी रंगे हाथों गिरफ्तार
-
धार5 months agoपूर्व पार्षद व भाजपा नेता सन्नी राठौड़ सहित चार पर प्रकरण दर्ज
-
धार5 months agoधार प्रधान डाकघर में घोटालों का खुलासा……तीन कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज
-
धार5 months agoबदनावर के नवोदय विद्यालय में साइलेंट अटैक से 13 साल की बच्ची की मौत
-
धार2 years agoCM visit In Amzera : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अमझेरा, मिथ्या तोड़ कर लगाएंगे विराम….ढ़ाई घंटे रुकेंगे अमझेरा
-
धार2 years agoधार में सड़क हादसा : दो पुलिसकर्मियों की कार पेड़ से टकराई, एक की मौत
-
धार2 years agoSutra LIVE : स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़क पर उतरी कांग्रेस, विद्युत वितरण कंपनी का कार्यालय घेरा
-
धार2 years agoमुख्यमंत्री डा मोहन यादव आज अमझेरा की मिथ्या को लगाएंगे विराम

