धार
धार नगर पालिका के बाहर दुषित पानी को लेकर प्रदर्शन करने पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रोहित कामदार, बंटी डोड, टोनी छाबड़ा सहित 13 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर प्रकरण दर्ज
नगर पालिका कर्मचारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
धार। शहर में नगर पालिका द्वारा दूषित और बदबूदार पानी की सप्लाई किए जाने के विरोध में गुरुवार को युवक कांग्रेस का प्रदर्शन किया था। नगर पालिका परिसर में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की थी और मुख्य नगर पालिका अधिकारी के कक्ष में घुसकर विरोध जाताया था, धक्का-मुक्की में सीएमओ कक्ष का दरवाजा टूट गया। वहीं, प्रदर्शन के दौरान फेंका गया मिट्टी का मटका नौगांव थाना प्रभारी हीरू सिंह रावत को जा लगा था।
प्रदर्शन के दौरान सीएमओं के कक्ष में घुसने और आंदोलन को उग्र करने के मामले में पुलिस ने युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रोहित कामदार सहित 12 नामजद और अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
धक्का-मुक्की और नारेबाजी से बिगड़ा माहौल
जानकारी के अनुसार, शहर में खराब पानी की सप्लाई से नाराज युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष रोहित कामदार के नेतृत्व में दोपहर के समय नगर पालिका कार्यालय पहुंचे थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ उग्र हो गई और कुछ कार्यकर्ता जबरन सीएमओ के चेंबर में घुस गए। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में चेंबर का दरवाजा टूट गया। प्रदर्शनकारियों द्वारा बाहर मटके फोड़कर विरोध जताया जा रहा था, तभी एक मटका ड्यूटी पर तैनात नौगांव टीआई हीरू सिंह रावत को लग गया।
नगर पालिका ने की शिकायत, पुलिस ने किया मामला दर्ज
घटना के बाद नगर पालिका की ओर से कर्मचारी संजय सिंह ठाकुर ने कोतवाली थाने में लिखित आवेदन दिया। शिकायत में बताया गया कि रोहित कामदार और उनके साथियों ने अनावश्यक भीड़ के साथ कार्यालय में जबरन घुसकर तोड़फोड़ की, अनर्गल नारेबाजी की और अभद्र व्यवहार करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। कोतवाली पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
ये बनाए गए हैं नामजद आरोपी
पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में निम्नलिखित 12 लोगों को नामजद किया गया है – रोहित कामदार जिलाध्यक्ष, युवा कांग्रेस, कृष्णा पंवार, परितोष राठौड़, बंटी डोड, टोनी छाबड़ा, हेमराज सुजान, गणेश खेर, सिद्धार्थ भूरिया, जितेन्द्र चौहान, वाकिब मोहम्मद, सुनील चौहान, मोहन डामोर के साथ अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब घटना के वीडियो और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
धार
बावड़ी उत्सव : दुल्हन की तरह सजी धार की ऐतिहासिक झिरनिया बावड़ी, गंगा आरती के साथ लिया जल संरक्षण का संकल्प
प्राचीन धरोहरों को सहेजने का अनूठा प्रयास…..तुलसी पौधों के वितरण के साथ हुआ समापन
धार। स्थानीय राजवाड़ा चौक सेवा समिति द्वारा प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी नगर के झिरनिया अखाड़ा स्थित प्राचीन बावड़ी पर ‘बावड़ी उत्सव’ का आयोजन किया गया जिसके अंतर्गत आयोजन के संयोजक नवनीत जैन के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने झिरनिया बावड़ी को साफ सफाई कर रंगाई पुताई की गई ।साथ ही फूलों और गुलदस्तों के साथ विशेष विद्युत सज्जा कर बावड़ी को दुल्हन की तरह सजाया गया।
आयोजन स्थल पर झिरनिया अखाड़ा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर एवं श्री राम मंदिर में महाआरती का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महंत नरसिंह दास जी महाराज द्वारा उपस्थित क्षेत्र वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे प्राचीन जल स्रोत हमारी सभ्यता का प्रमाण है और हम जल बचाने का संकल्प लेते हुए अपने प्राचीन जल स्रोतों की भी सुरक्षा करें आवश्यकता पड़ने पर समाज की मातृ शक्ति इसके लिए आगे आए। उपस्थित अतिथियों एवं जन सामान्य द्वारा गंगा आरती कर पानी बचाने का संकल्प लिया गया।

आयोजन में विशेष अतिथि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सौरभ शुक्ला हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष बाबूलाल गहलोत, पूर्व सैनिक मोतीलाल जी रत्नाकर। क्षेत्रीय पार्षद चंदू वसुनिया एवं छगन परमार ने भी प्राचीन जल स्रोतों की सुरक्षा और उनके संरक्षण को लेकर अपने विचार व्यक्त करते हुए आयोजन की सराहना की। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद धार के जल गंगा संवर्धन अभियान के प्रथम चरण में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा धार के देवी सागर तालाब में श्रमदान किया गया था और द्वितीय चरण के अंतर्गत जिले के सैकड़ो जल स्रोतों पर साफ सफाई एवं संगोष्ठी के आयोजन किए गए ।तीसरे चरण का समापन धार में बावड़ी उत्सव के रूप में किया गया।। कार्यक्रम के अंत में समस्त नागरिकों को प्रसादी के साथ निशुल्क तुलसी पौधों का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक मीना जी त्रिवेदी, सोनू गहलोत मंदिर के पुजारी श्री पंड्या जी। ललित अजमेरिया, शंकर प्रजापत विनोद नाभावंशी ,सुधांशु डोड ,भारत परमार , जयेश राठौर सचिन प्रजापत, देवश्री राठौर ,लोकेंद्र तोमर, लक्ष्मी रघुवंशी ,धर्मेंद्र शर्मा सहित सैकड़ो नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाओ ने सम्मिलित होकर जल संरक्षण का संकल्प लिया, आभार विकासखंड समन्वयक मीना त्रिवेदी द्वारा व्यक्त किया गया यह जानकारी समिति के दीपक गहलोत द्वारा दी गई।
धार
धार में शादी का झांसा देकर शादीशुदा महिला से दुष्कर्म, आरोपी दे रहा फोटो वायरल करने की धमकी
बैंक सहकर्मी को हमदर्द समझकर पति से लिया तलाक, शादी की बात आई तो ब्लैकमेलिंग पर उतरा
धार। शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत एक निजी बैंक में साथ काम करने वाले सहकर्मी ने शादी का झांसा देकर एक विवाहित महिला के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने न सिर्फ उसे शादी का झूठा भरोसा दिया, बल्कि बाद में उनके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता की दूसरी जगह तय हो रही शादी को भी तुड़वा दिया। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे बढ़ी थीं दोनों में नजदीकियां
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी सुमित शर्मा पिता सुभाष शर्मा निवासी पट्ठा चौपाटी दोनों शहर के एक ही निजी बैंक में काम करते थे। पिछले तीन सालों से दोनों एक-दूसरे को जानते थे। काम के दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और उन्होंने अपने-अपने शादीशुदा जीवन के तनाव को एक-दूसरे से साझा किया। आरोपी सुमित ने महिला को बताया कि उसकी पत्नी का व्यवहार उसके प्रति अच्छा नहीं है। वहीं, पीड़िता ने भी साझा किया कि उसका पति भी उसे ठीक से नहीं रखता है। समान पारिवारिक परिस्थितियों और हमदर्दी के चलते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं।
महिला ने पति से ले लिया तलाक
आरोपी सुमित ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह अपनी पत्नी को छोड़कर उससे शादी कर लेगा। इस झांसे में लेकर वह महिला को सुंदरवन कॉलोनी स्थित एक स्थान पर ले गया, जहां उसने पहली बार महिला के साथ दुष्कर्म किया। इस वादे और भरोसे के बीच महिला का अपने पति से कानूनी रूप से तलाक भी हो गया। तलाक होने के बाद जब पीड़िता ने सुमित पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। उसने पीड़िता को डराने के लिए उनके कुछ निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। डरा-धमकाकर आरोपी ने पट्ठा चौपाटी स्थित अपने घर पर भी महिला के साथ दुष्कर्म किया।
यूपी में तय हो रहा रिश्ता भी तुड़वाया
परेशान होकर जब महिला के परिजनों ने उसके लिए उत्तर प्रदेश में एक नया रिश्ता देखा और शादी की बात आगे बढ़ाई, तो आरोपी ने पीड़िता के होने वाले ससुराल वालों को दोनों के निजी फोटो भेज दिए, जिसके कारण वह रिश्ता टूट गया। आरोपी पीड़िता को कहीं भी और शादी नहीं करने दे रहा था और लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।
कोतवाली थाने पहुंची पीड़िता
आरोपी की प्रताड़ना और धमकी से तंग आकर पीड़िता अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंची और पुलिस को शिकायत दर्ज कराई । पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर सुमित पिता सुभाष शर्मा निवासी: पट्ठा चौपाटी पर दुष्कर्म की सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी सुमित को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से प्रकरण के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण की विवेचना जारी है।
धार
तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार सुरक्षाकर्मी को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत
पीथमपुर के डाक बंगला चौराहे पर हुआ हादसा, पुलिस ने ट्राला जब्त किया
धार। औद्योगिक नगरी पीथमपुर के व्यस्त डाक बंगला चौराहे पर बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राले ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक की बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। मृतक युवक अकोलिया चौराहे से पीथमपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान डाक बंगला चौराहे के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्राले ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराया। इसके बाद वह ट्राले के पिछले पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-1 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। मृतक की पहचान कृष्णा कुमार (30 वर्ष), पिता पीताम्बर पटेल के रूप में हुई है, जो पीथमपुर के ही निवासी थे। बताया जा रहा है कि कृष्णा कुमार पीथमपुर की ही एक निजी कंपनी में सुरक्षाकर्मी (सिक्योरिटी गार्ड) के पद पर तैनात थे।
पुलिस ने ट्राला जब्त कर मामला किया दर्ज
व्यस्ततम चौराहा होने के कारण हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन रही थी, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत यातायात को सुचारू करवाया। सेक्टर-1 थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्राले को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर फरार ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार को लेकर गहरा आक्रोश है।
-
धार1 month agoधार में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई….. 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते डीपीसी रंगे हाथों गिरफ्तार
-
धार6 months agoपूर्व पार्षद व भाजपा नेता सन्नी राठौड़ सहित चार पर प्रकरण दर्ज
-
धार6 months agoधार प्रधान डाकघर में घोटालों का खुलासा……तीन कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज
-
धार2 years agoCM visit In Amzera : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अमझेरा, मिथ्या तोड़ कर लगाएंगे विराम….ढ़ाई घंटे रुकेंगे अमझेरा
-
धार6 months agoबदनावर के नवोदय विद्यालय में साइलेंट अटैक से 13 साल की बच्ची की मौत
-
धार2 years agoधार में सड़क हादसा : दो पुलिसकर्मियों की कार पेड़ से टकराई, एक की मौत
-
धार2 years agoSutra LIVE : स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़क पर उतरी कांग्रेस, विद्युत वितरण कंपनी का कार्यालय घेरा
-
धार2 years agoमुख्यमंत्री डा मोहन यादव आज अमझेरा की मिथ्या को लगाएंगे विराम

