Connect with us

धार

धार में ईडी की कार्यवाही…..रहवासी कॉलोनी के 56 प्लॉट कुर्क किए, प्लॉटों की कीमत 6 करोड़ से अधिक

Published

on

काले धन को सफेद करने के लिए काटी कॉलोनी, 20 करोड़ से अधिक का हुआ था गबन

लखन टांक, धार। अलीराजपुर जिले के कट्टीवाड़ा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रहे आरोपी कमल राठौर की धार में स्थित संपत्तियों के खिलाफ ईडी ने बडी कार्यवाही की है। करीब 6 करोड रुपए कीमत के 56 प्लॉट कुर्क कर दिए है। गंधवानी क्षेत्र में आरोपी राठौर द्वारा श्री बालाजी धाम नाम से एक आवासीय परियोजना कॉलोनी के रुप में तैयार की थी, गबन की राशि का उपयोग आवासीय परियोजना निर्माण के लिए किया गया था। ऐसे में ईडी ने कार्यवाही करते हुए प्लॉट सीज कर दिए है। ईडी के इंदौर उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम 2002 के प्रावधानों के तहत आदेश जारी किए है।

काले धन को सफेद करने के लिए काटी कॉलोनी
ईडी के अनुसार, यह जांच कट्टीवाड़ा पुलिस थाने में दर्ज उस एफआईआर (FIR) के आधार पर शुरू की गई थी, जिसमें वर्ष 2018 से 2023 के बीच ब्लॉक शिक्षा कार्यालय से फर्जी बिलों और ट्रेजरी (खजाने) के माध्यम से 20.47 करोड़ रुपये के अवैध भुगतान का मामला सामने आया था। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी कमल राठौर ने अन्य सह-आरोपियों के साथ मिलकर सरकारी राशि का गबन किया। इस राशि को आरोपी ने अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नियंत्रण वाले विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर किया और बाद में इसे नकद (कैश) निकाल लिया गया। इस अवैध पैसे से धार जिले के गंधवानी में कृषि भूमि खरीदी गई। अपराध की इस कमाई को छुपाने और काली कमाई को वैध संपत्ति के रूप में पेश करने के इरादे से इस कृषि भूमि को ‘श्री बालाजी धाम’ नामक एक आवासीय कॉलोनी (परियोजना) के रूप में विकसित कर दिया गया। ईडी ने इसी कॉलोनी के 56 आवासीय भूखंडों को अपने कब्जे में लिया है।

मुख्य आरोपी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
इस मामले में ईडी पहले भी कई सख्त कदम उठा चुकी है। इससे पहले की गई छापेमारी में कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए थे और बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया था। मामले के मुख्य आरोपी कमल राठौर को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, आरोपियों की 4.43 करोड़ रुपये की अन्य संपत्तियां भी पहले कुर्क की जा चुकी हैं, जिसकी पुष्टि मार्च 2026 में हुई थी। सितंबर 2025 में ही इंदौर की विशेष पीएमएलए अदालत में आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट (अभियोजन शिकायत) दाखिल की जा चुकी है।

20.47 करोड़ का गबन कैसे हुआ?
जांच में यह बात सामने आई कि विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों और कल्याणकारी योजनाओं के लिए जो रकम आवंटित थी, उसे फर्जी बिलों और धोखाधड़ी के जरिए सरकारी खजाने से निकाला गया. आरोपियों पर यह भी आरोप है कि भुगतान और मंजूरी की प्रक्रिया में गड़बड़ी करके लंबे समय तक यह काम चलता रहा।

धार

धार में शादी का झांसा देकर शादीशुदा महिला से दुष्‍कर्म, आरोपी दे रहा फोटो वायरल करने की धमकी

Published

on

बैंक सहकर्मी को हमदर्द समझकर पति से लिया तलाक, शादी की बात आई तो ब्लैकमेलिंग पर उतरा

धार। शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत एक निजी बैंक में साथ काम करने वाले सहकर्मी ने शादी का झांसा देकर एक विवाहित महिला के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने न सिर्फ उसे शादी का झूठा भरोसा दिया, बल्कि बाद में उनके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता की दूसरी जगह तय हो रही शादी को भी तुड़वा दिया। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऐसे बढ़ी थीं दोनों में नजदीकियां
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी सुमित शर्मा पिता सुभाष शर्मा निवासी पट्ठा चौपाटी दोनों शहर के एक ही निजी बैंक में काम करते थे। पिछले तीन सालों से दोनों एक-दूसरे को जानते थे। काम के दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और उन्होंने अपने-अपने शादीशुदा जीवन के तनाव को एक-दूसरे से साझा किया। आरोपी सुमित ने महिला को बताया कि उसकी पत्नी का व्यवहार उसके प्रति अच्छा नहीं है। वहीं, पीड़िता ने भी साझा किया कि उसका पति भी उसे ठीक से नहीं रखता है। समान पारिवारिक परिस्थितियों और हमदर्दी के चलते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं।

महिला ने पति से ले लिया तलाक
आरोपी सुमित ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह अपनी पत्नी को छोड़कर उससे शादी कर लेगा। इस झांसे में लेकर वह महिला को सुंदरवन कॉलोनी स्थित एक स्थान पर ले गया, जहां उसने पहली बार महिला के साथ दुष्कर्म किया। इस वादे और भरोसे के बीच महिला का अपने पति से कानूनी रूप से तलाक भी हो गया। तलाक होने के बाद जब पीड़िता ने सुमित पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। उसने पीड़िता को डराने के लिए उनके कुछ निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। डरा-धमकाकर आरोपी ने पट्ठा चौपाटी स्थित अपने घर पर भी महिला के साथ दुष्कर्म किया।

यूपी में तय हो रहा रिश्ता भी तुड़वाया
परेशान होकर जब महिला के परिजनों ने उसके लिए उत्तर प्रदेश में एक नया रिश्ता देखा और शादी की बात आगे बढ़ाई, तो आरोपी ने पीड़िता के होने वाले ससुराल वालों को दोनों के निजी फोटो भेज दिए, जिसके कारण वह रिश्ता टूट गया। आरोपी पीड़िता को कहीं भी और शादी नहीं करने दे रहा था और लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।

कोतवाली थाने पहुंची पीड़िता
आरोपी की प्रताड़ना और धमकी से तंग आकर पीड़िता अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंची और पुलिस को शिकायत दर्ज कराई । पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर सुमित पिता सुभाष शर्मा निवासी: पट्ठा चौपाटी पर दुष्‍कर्म की सहित अन्‍य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी सुमित को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से प्रकरण के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण की विवेचना जारी है।

Continue Reading

धार

तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार सुरक्षाकर्मी को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत

Published

on

पीथमपुर के डाक बंगला चौराहे पर हुआ हादसा, पुलिस ने ट्राला जब्त किया

धार। औद्योगिक नगरी पीथमपुर के व्यस्त डाक बंगला चौराहे पर बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राले ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक की बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। मृतक युवक अकोलिया चौराहे से पीथमपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान डाक बंगला चौराहे के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्राले ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराया। इसके बाद वह ट्राले के पिछले पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-1 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। मृतक की पहचान कृष्णा कुमार (30 वर्ष), पिता पीताम्बर पटेल के रूप में हुई है, जो पीथमपुर के ही निवासी थे। बताया जा रहा है कि कृष्णा कुमार पीथमपुर की ही एक निजी कंपनी में सुरक्षाकर्मी (सिक्योरिटी गार्ड) के पद पर तैनात थे।

पुलिस ने ट्राला जब्त कर मामला किया दर्ज
व्यस्ततम चौराहा होने के कारण हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन रही थी, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत यातायात को सुचारू करवाया। सेक्टर-1 थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्राले को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर फरार ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार को लेकर गहरा आक्रोश है।

Continue Reading

धार

गुणावद ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा…..ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत

Published

on

महिला के सिर पर से गुजरा ट्रक का पहिया, बाजार से खरीदारी कर लौट रहा था परिवार

धार। सादलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुणावद रेलवे ओवरब्रिज पर एक सड़का हादसे में 30 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।, स्कूटी चला रहा देवर और उसका 10 वर्षीय मासूम बेटा बाल-बाल बच गए।

बाजार से खरीदारी कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, आंबापुरा की रहने वाली जमनाबाई पति सुभाष मकवाना अपने 10 वर्षीय बेटे कान्हा और देवर वकील मालवी के साथ बाजार आई हुई थीं। बाजार से घरेलू सामान की खरीदारी करने के बाद तीनों स्कूटी से वापस घाटाबिल्लौद लौट रहे थे। इसी दौरान गुणावद रेलवे ओवरब्रिज पर पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज गति ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।

सिर पर से गुजरा पहिया, मौके पर तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर लगते ही स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया। जमनाबाई सड़क के बीचों-बीच जा गिरीं, जिसके कारण वे ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, स्कूटी चला रहे वकील मालवी और मासूम कान्हा दूर जा गिरे, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं और उनकी जान बच गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट अंबाराम मंडलोई तुरंत मौके पर पहुंचे और लहूलुहान अवस्था में महिला को जिला अस्पताल ले गए। हालांकि, वहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी रूम में रखवा दिया है, जिसे बुधवार को पीएम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। सादलपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Continue Reading

Trending

Copyright © 2024 Sutraa News. Made with ❤️ by Junior Digital.