Connect with us

धार

नगर पालिका में भेदभाव का आरोप, नेता प्रतिपक्ष ने कलेक्टर को सौंपा 25 सूत्रीय मांग पत्र

Published

on

सीएमओं द्वारा पार्षदों से ना मिलने पर निंदा प्रस्‍ताव, आरके कंस्ट्रक्शन कंपनी को ब्लैकलिस्ट जैसे बिंदु बैठक के एजेंडे में शामिल करने की मांग

धार। नगर पालिका परिषद की आगामी बैठक से पहले नेता प्रतिपक्ष अब्दुल करीम कुरैशी ने कलेक्टर प्रियंक मिश्र को एक ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका प्रशासन पर भेदभाव का गंभीर आरोप लगाया है। कुरैशी का कहना है कि जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को परिषद की बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं किया जा रहा है।

पिछली मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप
कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि उन्होंने 16 दिसंबर 2025 को मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर शहर के विकास और व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को बैठक में शामिल करने की मांग की थी। इसके बावजूद, आगामी बैठक के एजेंडे में इन प्रस्तावों को जगह नहीं दी गई, जिसे उन्होंने विपक्षी पार्षदों के साथ भेदभाव करार दिया।

भ्रष्टाचार की जांच और जनहित के 25 मुख्य बिंदु
सौंपे गए ज्ञापन में 25 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की मांग की गई है, जिनमें प्रमुख हैं: देवीजी तालाब का सौंदर्यीकरण, चारों मुख्य मार्गों पर स्वागत द्वार और ट्रैफिक सुधार के लिए घोड़ा चौपाटी पर सिग्नल लगाना। आर.के. कंस्ट्रक्शन कंपनी को ब्लैकलिस्ट करना, स्टोर रूम में हुई चोरी की जांच और पीएचई विभाग के खर्चों की मूल फाइलों का अवलोकन। ट्रेचिंग ग्राउंड एवं अन्य सरकारी जमीनों पर भू-माफियाओं के कब्जे पर चर्चा। सीएमओं द्वारा समय पर कार्यालय न आने, पार्षदों से न मिलने और फोन न उठाने जैसे व्यवहार पर निंदा प्रस्ताव। रैन बसेरों की सफाई, सार्वजनिक शौचालयों के लिए कर्मचारी नियुक्ति और पेयजल व्यवस्था का समय निर्धारण।

फाइलों को सार्वजनिक करने की मांग
अब्दुल करीम कुरैशी ने मांग की है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की कार्ययोजना के साथ-साथ पिछले वर्षों के वित्तीय लेनदेन, डीजल लॉक बुक और आउटसोर्स कर्मचारियों की मूल फाइलें परिषद की बैठक में मेज पर रखी जाएं ताकि सभी पार्षद उनका अवलोकन कर सकें।

हमने जनहित में 25 मुद्दे उठाए हैं, लेकिन प्रशासन उन्हें दबाने की कोशिश कर रहा है। अगर इन मुद्दों को बैठक में शामिल नहीं किया गया, तो यह जनता के हक के साथ खिलवाड़ होगा – अब्दुल करीम कुरैशी, नेता प्रतिपक्ष

धार

झाबुआ जिला अस्पताल में धार की बहू ने बिना ऑपरेशन के दिया तीन बेटियों को जन्म

Published

on

मां और तीनों बच्‍चों की सेहत में लगातार हो रहा सुधार, डॉक्‍टर बोले – ऐसे मामलों में ऑपरेशन का ही विकल्‍प

धार, झाबुआ। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की उत्कृष्ट सूझबूझ और कुशलता के चलते एक महिला ने बिना किसी जटिल ऑपरेशनके सामान्य प्रसव के जरिए एक साथ तीन स्वस्थ बेटियों को जन्म दिया। वर्तमान में मां और तीनों नवजात बच्चियां पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।

ऐसे मामलों में ऑपरेशन का ही विकल्‍प : प्राप्त जानकारी के अनुसार धार जिले के ग्राम कुशलपुरा की निवासी श्रीमती रीना पति सुकराम जिनका मायका झाबुआ का गोपालपुरा है को प्रसव पीड़ा होने पर झाबुआ के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गर्भ में तीन बच्चे होने के कारण यह मामला बेहद संवेदनशील और जोखिम भरा था। आमतौर पर ऐसे मामलों में डॉक्टर सिजेरियन ऑपरेशन का ही विकल्प चुनते हैं, लेकिन यहाँ की मेडिकल टीम ने अपनी काबिलियत और धैर्य का परिचय देते हुए पूरी तरह सामान्य और सफल प्रसव कराया।

चिकित्सकों के अनुसार, जन्म लेने वाली तीनों बेटियों का वजन अलग-अलग है पहली बेटी: 1.2 किलोग्राम, दूसरी बेटी: 1.3 किलोग्राम, तीसरी बेटी: 1.8 किलोग्राम कम वजन होने के कारण पहली और दूसरी बच्ची को एहतियात के तौर पर एनआईसीयू शिशु गहन चिकित्सा इकाई में विशेष डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है। वहीं, 1.8 किलो वजन वाली तीसरी बेटी पूरी तरह सामान्य होकर वार्ड में अपनी मां के पास है। डॉक्टरों ने बताया कि चारों की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।

इस बेहद चुनौतीपूर्ण प्रसव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में झाबुआ जिला अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतिष्ठा चौहान, नर्सिंग ऑफिसर मंजू निनामा और हिमानी खतरकर सहित लेबर रूम के पूरे स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।

Continue Reading

धार

धामनोद में नर्मदा पुल से कूदकर आत्‍महत्‍या की कोशिश कर रहे अधेड़ को पुलिस ने बचाया

Published

on

डायल-112 की एफआरवी गाड़ी सूचना मिलते की चंद मिनटों में पहुंची, परिजनों के सुपुर्द किया

धार। मध्य प्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा की तत्परता और सूझबूझ से एक व्यक्ति की जान बच गई। खलघाट स्थित नर्मदा नदी के बड़े पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक 45 वर्षीय अधेड़ को पुलिस स्टाफ ने ऐन वक्त पर पहुंचकर सुरक्षित बचा लिया।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्‍त जानकारी के अनुसार 112 कंट्रोल रूम को एक आपातकालीन सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि खलघाट स्थित नर्मदा ब्रिज पर एक व्यक्ति खड़ा है और नदी में कूदकर अपनी जान देने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरवी गाड़ी तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस कर्मियों ने बिना एक पल गंवाए घटना स्थल पर पहुंचकर तत्परता दिखाई और आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्ति को सूझबूझ से सुरक्षित पकड़ लिया।

परिजनों के सुपुर्द किया
पुलिस पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम राकेश म्हाले निवासी ऊन जिला खरगोन बताया। डायल-112 स्टाफ व्यक्ति को सुरक्षित बचाकर धामनोद थाने लेकर आया, जहां पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया। इसके बाद थाने में व्यक्ति की उचित काउंसलिंग की गई और उसे सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। अपनों को सही-सलामत पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

धार

बिखरौन में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Published

on

जहर खाकर सुसाइड की आशंका, 1 महीने पहले ही हुई थी शादी

धार। ग्राम बिखरौन में एक नवविवाहिता की जहरीला पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। धामनोद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बिखरौन निवासी मीनाक्षी की शादी लगभग एक महीने पहले मनावर निवासी संजय निगवाल से हुआ था। शादी के बाद मीनाक्षी अपने मायके बिखरौन आई हुई थी।

मंगलवार को अज्ञात कारणों से मीनाक्षी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल धामनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने मीनाक्षी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल धार रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत धामनोद पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर धामनोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बुधवार को पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शादी के एक माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से परिवार सदमे में है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। धामनोद पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Continue Reading

Trending

Copyright © 2024 Sutraa News. Made with ❤️ by Junior Digital.

You cannot copy content of this page