Connect with us

धार

कुक्षी पुलिस ने क्लब सेवन परिसर से लाखों की अवैध शराब की जब्त, आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर

Published

on

आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर, खंगाला जा रहा अवैध शराब का नेटवर्क

धार। कुक्षी पुलिस ने अलीराजपुर रोड स्थित क्लब सेवन परिसर में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध देशी और विदेशी शराब का जखीरा जब्त किया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय से दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।

मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह चौहान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अलीराजपुर रोड पर स्थित क्लब सेवन परिसर में अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब का भंडारण किया गया है और वहाँ से इसकी बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने क्लब सेवन परिसर और उससे जुड़े गोदाम से विभिन्न ब्रांडों की देशी, विदेशी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद की। मौके पर मौजूद आरोपी सुमित प्रजापत निवासी कुक्षी से जब शराब के परिवहन या भंडारण से जुड़े वैध लाइसेंस और दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।पुलिस ने कुल 265.70 बल्क लीटर अवैध शराब और बीयर जब्त की, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 2 लाख से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी सुमित प्रजापत के खिलाफ आबकारी की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

खंगाला जा रहा है नेटवर्क, दो दिन की रिमांड
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। थाना पुलिस के अनुसार, रिमांड के दौरान आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब कहाँ से लाई गई थी, इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, तथा इसका मुख्य सप्लायर कौन है। उक्‍त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह चौहान, उपनिरीक्षक अनुप बघेल, उपनिरीक्षक प्रकाश अलावा, सहायक उपनिरीक्षक चंचल चौहान, सहायक उपनिरीक्षक गौरीशंकर सोलंकी, प्रधान आरक्षक सतीश और आरक्षक विपिन की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

धार

धार की पुरानी नगरपालिका के खंडहर में जुआ खेलते 6 जुआरी गिरफ्तार

Published

on

हजारों की नगदी और ताश के पत्ते जब्त, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकडे आरोपी

धार। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुरानी नगर पालिका के अंदर बने एक खंडहर भवन के पीछे छापा मारकर ताश के पत्तों पर पैसों की हार-जीत का दांव लगाते हुए 6 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 4200 रुपये नगद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। गश्‍त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी नगरपालिका के खंडहर भवन के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं, टीम ने घेराबंदी कर मौके से 6 व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों की में अमजद निवासी नालछा दरवाजा, इमरान उर्फ नानकिया निवासी जिजारवाडी, नौसाद निवासी कुम्हारगड्ढा, गपुर (निवासी इंदिरा कॉलोनी, फरीद निवासी जवाहर मार्ग और फिरोज उर्फ चुचु निवासी गांधी कॉलोनी, धार के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से अलग-अलग राशि और जुए के फड़ से कुल 4200 रुपये नगद और ताश के पत्ते जब्त किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

Continue Reading

धार

श्री मांडवगढ़ तीर्थ के अध्यक्ष रमेश मुथा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी का किया स्वागत

Published

on

धार। पंचपादरा रिफाइनरी के उदघाटन समारोह के अवसर पर ऐतिहासिक मांडवगढ़ तीर्थ, अमीझरा तीर्थ एवं नाकोड़ाजी तीर्थ के अध्यक्ष, जीरावला तीर्थ के उपाध्यक्ष रमेशजी मुथा को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिफाइनरी के सभागार में आगमन पर उनके स्वागत एवं अभिवादन के लिये राजस्थान के माननीय राज्यपाल, राजस्थान माननीय मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, राजस्थान राज्य के अनेक मंत्री, राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित अनेक विशिष्ट जनों के साथ रमेशजी मुथा भी उपस्थित रहे, उपरोक्त जानकारी देते हुए मांडवगढ़ महातीर्थ के ट्रस्टी, अमिझरा तीर्थ सहलाकार मंडल सदस्य, नवरत्न परिवार के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने बताया कि रमेशजी मुथा के अध्यक्षीय नेतृत्व में मांडवगढ़ महातीर्थ एवं अमीझरा महातीर्थ में करोड़ों की लागत से नयनाभिराम जिनालय का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें मांडवगढ़ जिनालय का कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। पंचशिखरिय नयनाभिराम जिनालय की प्रेरणा परम पूज्य आचार्य भगवंत श्री अशोकसागर सुरीश्वरजी म.सा. एवं जिनालय परिकल्पनाकर्ता परम पूज्य आचार्य भगवंत श्री सौम्यचंद्रसागर सुरीश्वरजी म.सा. हैं।

जिनालय की शिल्पकला ओडिशा के कलाकारों द्वारा करवाई जा रही है एवं द्विमंजिला जिनालय का स्तंभरहित रंगमंडप उसकी शोभा और बढ़ा देता है। जिनालय प्रतिष्ठा 18 फरवरी 2027 (गुरुवार) को शुभ मुहूर्त में सम्पन्न होगी। जिनालय प्रतिष्ठा की भव्यतम तैयारियां चल रही हैं, प्रतिष्ठा महोत्सव में जिनशासन के अनेक भामाशाह, विशिष्ट राजनीतिक हस्तियां एवं देश विदेश से हजारों की तादाद में साधर्मिकजन पधारेंगे। इसी तारतम्य में प्रतिष्ठा के जाजम – चढ़ावे दिनांक 16.08.2026 (रविवार) को मुंबई के विले पार्ले (ईस्ट) संघ में, मुंबई में चातुर्मासार्थ विराजित अनेक साधु भगवंतों की निश्रा में होंगे।

Continue Reading

धार

घर छिना, सहारा छूटा : धार के बुजुर्ग दंपत्ति इंदौर में काट रहे बुढ़ापा, आरोपी बेटे पर भरण-पोषण अधिनियम के तहत केस

Published

on

खाने-पीने को तरसाया, घर से निकाला, बीमारी की हालत में इंदौर में रहने को मजबूर

धार। शहर में एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग माता-पिता को प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया और उनके मकान पर कब्जा कर लिया। पीड़ित बुजुर्ग दंपत्ति अब इंदौर में किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

सुन्दरवन कॉलोनी,80 वर्षीय बुजुर्ग रमेशचन्द्र अग्रवाल पिता मन्नालालजी अग्रवाल जो वर्ष 2006 में भोज अस्पताल धार से लेखापाल के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, अपनी पत्नी विद्यादेवी अग्रवाल के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने अपने बड़े बेटे लोकेश अग्रवाल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित रमेशचन्द्र ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है और वे अपने-अपने ससुराल में हैं। सेवानिवृत्ति के बाद वे अपनी पत्नी के साथ बेटे लोकेश के साथ ही रह रहे थे। शुरुआत में तो सब ठीक रहा, लेकिन पिछले एक साल से बेटे का व्यवहार पूरी तरह बदल गया।

खाने-पीने को तरसाया, घर से निकाला
बुजुर्ग पिता का आरोप है कि बेटा लोकेश आए दिन उनके और उनकी पत्नी के साथ लड़ाई-झगड़ा कर उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने लगा। उसने बुजुर्ग माता-पिता को खाने-पीने के लिए देना भी बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी बेटे ने उनके सुंदरवन कॉलोनी स्थित मकान पर अवैध कब्जा कर लिया और दोनों को घर से बाहर निकाल दिया।

बीमारी की हालत में इंदौर में रहने को मजबूर
बेटे की प्रताड़ना से तंग आकर बुजुर्ग दंपत्ति को धार छोड़ना पड़ा। वर्तमान में वे इंदौर में एक किराए का मकान लेकर रह रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि इस उम्र में उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है और बुजुर्ग होने के कारण वे अक्सर बीमार रहते हैं। शिकायत की जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी बेटे लोकेश अग्रवाल के खिलाफ माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007′ की धारा 24 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Continue Reading

Trending

Copyright © 2017 Zox News Theme. Theme by MVP Themes, powered by WordPress.