धार
ईडी की कार्रवाई : 20.47 करोड़ के ट्रेजरी घोटाले में पूरक आरोप पत्र दाखिल, धार जिले में 6 करोड़ के 56 प्लॉट हो चुके है कुर्क
अब तक 10 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति पर शिकंजा, फर्जी बिलों से निकाला सरकारी पैसा, खरीदी जमीन
मामले में आगे की जांच अभी जारी, अन्य लोगों पर भी गाज गिर सकती है
धार। प्रवर्तन निदेशालय के इंदौर उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने अलीराजपुर जिले के कट्टीवाड़ा ब्लॉक शिक्षा कार्यालय बीईओ में हुए 20.47 करोड़ रुपये के सरकारी धन गबन मामले में एक और बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने इस मामले के मुख्य आरोपी कमल राठौर और अन्य के खिलाफ इंदौर की विशेष पीएमएलए यानि धन शोधन निवारण अधिनियम अदालत में पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की है। इसके साथ ही अदालत ने सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर दिए हैं।
फर्जी बिलों से निकाला सरकारी पैसा, खरीदी जमीन
ईडी की जांच में सामने आया कि आरोपी कमल राठौर ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कट्टीवाड़ा शिक्षा कार्यालय से फर्जी बिलों के जरिए ट्रेजरी से करोड़ों रुपये का गबन किया। यह घोटाला साल 2018 से 2023 के बीच अंजाम दिया गया, जिसकी शुरुआत स्थानीय थाने में दर्ज एफआईआर से हुई थी। आरोपियों ने घोटाले की इस रकम को अपने और परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया, नकद निकाला और फिर धार जिले के गंधवानी में बड़े पैमाने पर कृषि भूमि खरीदी।
काले धन से काटी श्री बालाजी धाम कॉलोनी, ईडी ने की कुर्क
जांच में खुलासा हुआ कि अवैध कमाई को छुपाने और उसे सही दिखाने के लिए आरोपियों ने इस कृषि भूमि पर श्री बालाजी धाम’ नाम से एक आवासीय प्लॉटिंग प्रोजेक्ट कॉलोनी विकसित कर डाला। ईडी ने इस प्रोजेक्ट के 56 आवासीय भूखंडों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है, जिनकी बाजार में कीमत 6 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
अब तक 10 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति पर शिकंजा
इस मामले में ईडी ने इससे पहले भी आरोपियों की 4.43 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी, जिसे पीएमएलए अथॉरिटी द्वारा सही ठहराया जा चुका है। अब 6 करोड़ के प्लॉट्स को मिलाकर इस घोटाले में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति पर सरकारी शिकंजा कस चुका है। ईडी ने साफ किया है कि मामले में आगे की जांच अभी जारी है और कुछ अन्य लोगों पर भी गाज गिर सकती है।
धार
मोहनखेड़ा कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न…..बूथ से लेकर सरकार तक रणनीति पर मंथन
हरीश, उमंग और जीतू ने कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी जोश, चुनीनी रणनीति और संगठन सुदृढ़ीकरण पर जोर
धार। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी व जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित दो दिवसीय राजनीतिक प्रशिक्षण शिविर का समापन आज मोहनखेड़ा में हुआ। शिविर में संगठन सुदृढ़ीकरण, जनहित के मुद्दों पर संघर्ष और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर मार्गदर्शन दिया गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, सह प्रभारी उषा नायडू, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार तथा वरिष्ठ नेता प्रताप ग्रेवाल मुख्य अतिथि थे।
शिविर के दूसरे दिन राष्ट्रीय महासचिव हरीश चौधरी ने संगठनात्मक संरचना, कार्यकर्ताओं की भूमिका और बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और मजबूत संगठन ही आगामी चुनावों में सफलता की कुंजी होगा। चौधरी ने बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान और स्थानीय स्तर पर संपर्क बढ़ाने की ठोस कार्ययोजनाएँ सुझाईं।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि संगठन को मजबूत कर चुनावी तैयारी तेज की जाए। उन्होंने तकनीक के प्रभावी उपयोग, सोशल मीडिया रणनीति और जनहित के मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से सड़क पर उतरकर संघर्ष करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सिंघार ने बताया कि बूथ से जनता तक पहुंच बने रहने से ही सरकार तक लौटना संभव होगा।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रशिक्षण शिविर के उद्देश्य और विपक्ष की जिम्मेदारियों पर जोर दिया। पटवारी ने कहा कि संगठन की ताकत से ही कांग्रेस की सरकार बनेगी और कार्यकर्ताओं को लगातार जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहना होगा। उन्होंने स्थानीय समस्याओं पर सतत संपर्क और जनसम्मेलन आयोजित करने का निर्देश भी दिया।
सह प्रभारी उषा नायडू ने संगठन में अनुशासन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा एक सशक्त विपक्ष की भूमिका पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित कार्यप्रणाली और उत्तरदायित्व का निर्वहन ही जनता की आवाज़ को प्रभावी रूप से उठाने में मदद करेगा। वरिष्ठ नेता प्रताप ग्रेवाल ने स्थानीय जनसमस्याओं को प्राथमिकता देने और क्षेत्रीय मुद्दों को विधानसभा व जनस्तर पर उठाने पर बल दिया।
शिविर में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने से जुड़े व्यावहारिक सत्र, ग्रुप डिस्कशन और कैम्पेनिंग टेक्निक्स पर कार्यशालाएँ भी आयोजित की गईं, जिनमें हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वत्रंत जोशी ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और सहभागियों का धन्यवाद किया और कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर आगामी चुनावी लड़ाइयों के लिए नई उम्मीदें जगाता है। शिविर के समापन पर सहभागी कार्यकर्ताओं ने दृढ़ संकल्प व्यक्त किया कि वे बूथ से लेकर सरकार तक पहुँच बनाने के लिए सतत प्रयास करेंगे और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहेंगे।
धार
धार बायपास पर कांग्रेस नेताओं ने किया प्रभारियों का भव्य स्वागत
जीतू पटवारी और हरीश चौधरी ने भाजपा सरकार को घेरा
धार। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हरीश चौधरी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के धार व झाबुआ दौरे के दौरान बायपास पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। पूर्व विधायक एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकुन्दसिंह गौतम के नेतृत्व में जिलेभर से आए सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों शीर्ष नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान धार-पीथमपुर शहर, धार ग्रामीण क्षेत्र और बदनावर विधानसभा के कई जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा की कथनी और करनी में अंतर – पटवारी
इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने सरकार को महंगाई, भ्रष्टाचार और किसानों के साथ छलावा करने के मुद्दों पर घेरा। नेताओं ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है, आम जनता परेशान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनाने की अपील की।

वरिष्ठ नेताओं सहित सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
स्वागत के इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सदाशिव सोलंकी, कन्हैयालाल लश्करी, पी.एम. हिरवले, एन.एम. शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनोजसिंह गौतम, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष कैलाश तिवारी, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीरसिंह छाबड़ा, पूर्व जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष राकेश डोड, पूर्व सेवादल अध्यक्ष राजेंद्र चौहान, जिला पंचायत सदस्य अशोक डावर, निर्देश सोनगरा उपस्थित थे। साथ ही धार नगरपालिका पार्षद रईष शेख, बंटी डोड, करीम कुरैशी, मनीष कन्नौज, बरसात सिसोदिया, पीथमपुर से पार्षद पप्पू पटेल, विनोद चौहान, गौरव कलमोदिया, पूर्व पार्षद जीवन निनामा और युवा नेता जयवर्धनसिंह गौतम भी शामिल हुए। उक्त जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सोलंकी द्वारा दी गई।
धार
सड़क किनारे नाले में मिला अज्ञात महिला का शव, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस
जेतपुरा वेयर हाउस के पास की मिला शव , गले पर बंधा था कपड़ा और सिर पर चोट के निशान
धार। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन स्थित तुर्कबगड़ी बायपास पर शुक्रवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जेतपुरा वेयर हाउस के आगे सड़क किनारे बने एक नाले में महिला की लाश औंधे मुंह पड़ी थी। राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला। शुरुआती जांच में मामला पूरी तरह संदिग्ध नजर आ रहा है। मृतका के गले में कपड़ा बंधा हुआ था और उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम भी मौके पर बुलाई गई, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस फिलहाल मृतका की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। आसपास के इलाकों और थानों में गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि महिला यहाँ तक कैसे पहुंची और वारदात को कहाँ अंजाम दिया गया। कोतवाली थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक टीम की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और समय का सटीक पता चल सकेगा। पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।
-
धार2 months agoधार में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई….. 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते डीपीसी रंगे हाथों गिरफ्तार
-
धार6 months agoपूर्व पार्षद व भाजपा नेता सन्नी राठौड़ सहित चार पर प्रकरण दर्ज
-
धार6 months agoधार प्रधान डाकघर में घोटालों का खुलासा……तीन कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज
-
धार2 years agoCM visit In Amzera : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अमझेरा, मिथ्या तोड़ कर लगाएंगे विराम….ढ़ाई घंटे रुकेंगे अमझेरा
-
धार6 months agoबदनावर के नवोदय विद्यालय में साइलेंट अटैक से 13 साल की बच्ची की मौत
-
धार8 hours agoधार की पुरानी नगरपालिका के खंडहर में जुआ खेलते 6 जुआरी गिरफ्तार
-
धार1 week agoधार में शादी का झांसा देकर शादीशुदा महिला से दुष्कर्म, आरोपी दे रहा फोटो वायरल करने की धमकी
-
धार2 years agoधार में सड़क हादसा : दो पुलिसकर्मियों की कार पेड़ से टकराई, एक की मौत

