हटवाड़ा समिति ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, कहा- धार्मिक पर्व की आड़ में अश्लीलता और फूहड़ता बर्दाश्त नहीं
धार। नवरात्रि के पावन पर्व पर शहर में होने वाले निजी व्यावसायिक गरबा इवेंट्स को अनुमति नहीं देने की मांग तेज हो गई है। सार्वजनिक हटवाड़ा समिति ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने की मांग की। समिति ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों से धार्मिक पर्व की आड़ में निजी गार्डनों में शुल्क लेकर व्यावसायिक गरबा इवेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं।
समिति के अनुसार धार में नवरात्रि मां कालिका की आराधना और धार्मिक आस्था का पर्व है। शहर में सार्वजनिक समितियां वर्षों से गरबा पंडालों में माता की स्थापना कर सपरिवार आयोजन करती आई हैं। इसके विपरीत निजी आयोजनों में कथित तौर पर अश्लील व फूहड़ प्रस्तुतियों, तेज डीजे साउंड और आयोजन की शर्तों के उल्लंघन से धार्मिक पर्व की गरिमा प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि ऐसे व्यावसायिक आयोजनों से सार्वजनिक गरबा समितियों के आयोजनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। समिति ने प्रशासन से मांग की कि नवरात्रि के दौरान निजी व्यावसायिक गरबा इवेंट्स को अनुमति नहीं दी जाए और धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखने के लिए आयोजनों की सख्ती से निगरानी की जाए।
