महंगे शौक पूरे करने के लिए आरोपियों ने की थी वारदात, एक बाल अपचारी सहित दो गिरफ्तार
धार। शहर की डायमंड कॉलोनी में दिनदहाड़े मकान में घुसकर अलमारी से 4 लाख 38 हजार 200 रुपए चोरी करने के मामले का कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में शिवा पिता देवी सिंह को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई पूरी नकदी शत-प्रतिशत बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार डायमंड कॉलोनी निवासी मोइन पिता फैजान के मकान में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई थी। अलमारी में रखे 4 लाख 38 हजार 200 रुपए चोरी होने की सूचना पर थाना कोतवाली ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक ईश्वर सिंह चौहान ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने मौके से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और कार्रवाई करते हुए शिवा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ एवं पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी और बाल अपचारी से चोरी की पूरी रकम 4 लाख 38 हजार 200 रुपए बरामद कर जब्त की गई। पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जबकि बाल अपचारी के संबंध में विधि अनुसार कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में एसआई नरपत सिंह ठाकुर, एसआई अतुल जोशी, एसआई जगदीश चौहान, प्रधान आरक्षक अजय सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अरविंद चौहान, आरक्षक रामनरेश यादव एवं आरक्षक राममूर्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
