वाल्मीकि सेना ने सीएमओ के नाम सौंपा ज्ञापन, विनियमित व नियमित करने सहित 9 मांगें रखीं
धार। नगर पालिका धार में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर वाल्मीकि सेना ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कर्मचारियों को विनियमित व नियमित करने, आउटसोर्स व्यवस्था बंद करने सहित विभिन्न मांगों के निराकरण की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सात दिन में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो सफाई कर्मचारी काम बंद हड़ताल करने के लिए मजबूर होंगे।
ज्ञापन में मांग की गई कि नगर पालिका परिषदों में 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके सफाई कर्मचारियों को विनियमित किया जाए तथा विनियमित कर्मचारियों को नियमित किया जाए। मेडिकल आधार पर अनफिट कर्मचारियों के स्थान पर उनके परिवार के सदस्यों को नियुक्ति देने की भी मांग रखी गई है। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों के लिए आउटसोर्स पद्धति तत्काल बंद करने की मांग की गई।
सेवानिवृत्ति और मृत्यु पर सहायता की मांग
संगठन ने विनियमित कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपए का भुगतान करने की मांग रखी। ड्यूटी के दौरान मस्टर एवं विनियमित कर्मचारी की मृत्यु होने पर परिवार को 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने तथा कर्मचारी की मृत्यु या सेवानिवृत्ति के बाद परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
वहीं दीपावली पर्व को देखते हुए कर्मचारियों को बोनस के रूप में एक अंतरिम वेतन देने की मांग की गई है। वाल्मीकि सेना ने कहा कि सफाई कर्मचारी लगातार शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए। संगठन ने स्पष्ट किया कि सात दिवस के भीतर मांगों का निराकरण नहीं होने पर सभी सफाई कर्मचारी सफाई कार्य बंद कर हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
