फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम ने की जांच, अंदरूनी हाथ होने की आशंका
धार। शहर के व्यस्ततम हटवाड़ा क्षेत्र में एक कपड़ा शोरूम संचालक के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए है। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां से पुलिस चौकी की दूरी महज कुछ ही मीटर है। पुलिस इसे चोरी के साथ-साथ किसी करीबी या परिचित की संलिप्तता के एंगल से भी जांच रही है।
फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची
हटवाड़ा स्थित कपड़ा शोरूम संचालक प्रशांत जायसवाल के घर की अलमारी से करीब 10.5 तोला वजनी सोने के जेवर कीमत 15 लाख से अधिक गायब हैं। न तो अलमारी में तोड़फोड़ की गई और न ही घटनास्थल के आसपास किसी के आने-जाने के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिससे मामला पुरा उलझ गया है। बताया जा रहा है कि जिस अलमारी से आभूषण गायब हुए है उसमें और भी कीमती आभूषण रखे हुए थे, जिसे चोरी नही किया गया है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। सूचना मिलते ही सीएसपी शशांक सिंह गुर्जर और कोतवाली थाना प्रभारी ईश्वर सिंह चौहान ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम ने भी घटनास्थल से नमूने लिए हैं।

15 लाख से अधिक के आभूषण गायब
हटवाड़ा मेन चौराहे पर कपड़ा शोरूम संचालित करने वाले प्रशांत जायसवाल इसी इमारत की तीसरी मंजिल पर अपने परिवार के साथ निवास करते हैं। इमारत के नीचे शोरूम है और अन्य हिस्से किराए पर दिए गए हैं, जबकि दूसरी मंजिल पर किराएदार रहते हैं। सभी का आना-जाना एक ही रास्ते से होता है। दो दिन पूर्व जब परिजनों ने अलमारी खोलकर देखी, तो उसमें रखे सोने के आभूषणएक जोड़ी झुमकी, चेन, पेंडल 3 तोला, 25 सोने के मोतियों का मंगलसूत्र और एक अंगूठी गायब मिले। इनकी कुल अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
अंदरूनी हाथ की आशंका
वारदात के बाद पुलिस के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिना किसी तोड़फोड़ के और चाबी वहीं होने पर अलमारी से इतने कीमती जेवर किसने और कैसे गायब किए। चूंकि घर और आसपास के रास्तों पर सीसीटीवी सर्विलांस है, लेकिन कोई संदेहास्पद फुटेज हाथ नहीं लगा है, इसलिए पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या यह किसी अंदरूनी व्यक्ति या परिचित ने यह वारदात की है। फिलहाल, कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घर के सदस्यों, किराएदारों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

