चोरी की बुलेट लेकर घूम रहा था 19 वर्षीय आरोपी, रिमांड में अन्य वारदातें भी कबूल सकता है आरोपी
धार। शहर के नरसिंह मार्ग से चोरी हुई बुलेट मोटरसाइकिल को कोतवाली पुलिस ने राजगढ़ जिले से बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख रुपए कीमत की चोरी गई बुलेट जब्त की है। पुलिस के अनुसार, जयराज पिता कन्हैयालाल देवड़ा निवासी नरसिंह मार्ग ने 28 सितंबर को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बुलेट क्रमांक एमपी 11 जेडए 7444 को अज्ञात व्यक्ति 30 अगस्त को घर के सामने से चोरी कर ले गया। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर चोरी गई बाइक की पतारसी के लिए टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर लगातार तलाश करते हुए मोहित पिता हुकुम सिंह धनगर (19), निवासी ग्राम बमौरीसुता, जिला राजगढ़ को पकड़ा। उसके कब्जे से चोरी गई बुलेट बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लिया है, पुछातछ में आरोपी और भी बाइक चोरी की वारदातों को कबूल सकता है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक ईश्वर सिंह चौहान, उप निरीक्षक आकाश सिंह, प्रधान आरक्षक अरविंद चौहान, आरक्षक राममूर्ति, आरक्षक प्रशांत सिंह चौहान एवं साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

