दौलतपुरा में बच्चों से संवाद, बोरिंग और खेल सामग्री की तत्काल स्वीकृति
धार। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं गंधवानी विधायक उमंग सिंघार ने बुधवार से अपने विधानसभा क्षेत्र में श्री गणेश प्रतिमाओं के वितरण की शुरुआत की। 17 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत वे क्षेत्र की विभिन्न गणेश समितियों को प्रतिमाएं भेंट कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने धार्मिक आयोजन के साथ जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर भी तत्परता दिखाई।
गणेश प्रतिमा वितरण के दौरान दौलतपुरा स्कूल के समीप बच्चों का स्नेह देखकर विधायक सिंघार ने अपना काफिला रोक दिया और बच्चों से आत्मीयता से संवाद किया। बातचीत के दौरान स्कूली बच्चों ने स्कूल भवन, पेयजल के लिए बोरिंग तथा खेलकूद सामग्री की आवश्यकता उनके सामने रखी। बच्चों की मांग सुनकर विधायक ने तत्काल बोरिंग और खेल सामग्री की स्वीकृति दे दी। निर्णय की जानकारी मिलते ही बच्चों और शिक्षकों में खुशी का माहौल दिखाई दिया।
https://www.instagram.com/reel/DdEPL3Fq7-9/?utm_source=ig_web_copy_link&stkn=MzRlODBiNWFlZA==
17 वर्षों से निभा रहे परंपरा
विधायक उमंग सिंघार पिछले 17 वर्षों से लगातार गंधवानी विधानसभा क्षेत्र में गणेश प्रतिमाओं का वितरण करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी उन्होंने बुधवार को सलकनपुर से इस परंपरा की शुरुआत की। सलकनपुर स्थित जाट धर्मशाला में पंखे लगवाने के लिए उन्होंने 1.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की। इसके बाद दौलतपुरा पहुंचकर स्कूली बच्चों से मुलाकात की और गणेश समितियों को प्रतिमाओं का वितरण किया। दौलतपुरा के बाद उन्होंने भूतिबावड़ी और सिंधकुवा पहुंचकर भी गणेश समितियों को प्रतिमाएं भेंट कीं। आगामी दो दिनों में क्षेत्र में करीब एक हजार गणेश प्रतिमाओं का वितरण किया जाएगा।
कल भी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचेंगे
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को विधायक उमंग सिंघार सुबह 10 बजे धार से प्रस्थान कर गंधवानी विधानसभा क्षेत्र पहुंचेंगे। इस दौरान वे बालेड़ी, बावड़ीखोदरा और जीराबाद सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर गणेश समितियों को प्रतिमाएं वितरित करेंगे तथा ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनेंगे।
