भोजशाला केस : सर्वे नंबर 612 पर ही होगी आज जुम्मे की नमाज, प्रशासनिक तैयारियां पूरी

देर शाम हुई बैठक में स्थान पर बनी सहमति, नमाज स्‍थान को सफेद रंग कें टेंट से किया गया कवर

धार। ऐतिहासिक भोजशाला परिसर के समीप आज एक बार फिर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुम्मे की नमाज अदा की जाएगी। जिला प्रशासन और मुस्लिम पक्ष के बीच हुई बैठकों के दौर के बाद अंततः नमाज के स्थल को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है और आज पिछली बार की तरह सर्वे नंबर 612 पर ही नमाज पढ़ी जाएगी।

बैठक में स्थान पर सहमति
गुरुवार को जिला प्रशासन ने मुस्लिम पक्ष और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर स्थिति पर चर्चा की थी। सूत्रों के अनुसार प्रशासन ने नमाज के लिए सर्वे नंबर 613 का प्रस्ताव रखा था। मुस्लिम समाज ने सर्वे नंबर 613 के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। देर शाम चली बैठकों के बाद बनी सहमति के तहत यह तय हुआ कि इस शुक्रवार को भी नमाज सर्वे नंबर 612 पर ही आयोजित होगी।

मौके पर युद्धस्तर पर प्रशासनिक तैयारियां
नमाज के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर नगर पालिका और राजस्व विभाग का अमला सुबह से ही सक्रिय है, नगर पालिका के कर्मचारियों द्वारा सर्वे नंबर 612 पर साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है। नमाज वाले स्‍थान पर सफेद रंग का टेंट लगाया जा रहा है। निगरानी के लिए पटवारी, राजस्व निरीक्षक सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर लगातार मौका मुआयना कर रहे हैं। नमाजियों की सुविधा के लिए पानी का टैंकर भी खड़ा करवाया गया है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बीते शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और तेज बारिश के बीच भोजशाला के पिछले हिस्से सर्वे नंबर 612 पर मुस्लिम समाज के लगभग 200 लोगों ने नमाज अदा की थी। आज के दिन नमाजियों की संख्या में पिछले सप्ताह के मुकाबले बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।

भोज उत्सव समिति का विरोध
उल्लेखनीय है कि भोज उत्सव समिति और स्थानीय रहवासियों द्वारा भोजशाला के 300 मीटर के दायरे के बाहर नमाज आयोजित किए जाने को लेकर पूर्व में ही प्रशासन को आवेदन दिया जा चुका है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

Leave a Reply

Kingmaker kasyno
play at kyngscasino