मोबाइल हैंग होते ही हुआ खेल, 15 मिनट में कट गई हजारों की रकम
धार। बाग के डेहरी क्षेत्र में कृषि कार्य का काम कर रहे एक युवक के बैंक खाते से अज्ञात ठगों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी कर हजारों की राशि साफ कर दी।
मोबाइल हैंग होते ही हुआ खेल
पीड़ित ने बताया कि मोबाइल नंबर 6264823506 के जरिए फोनपे का इस्तेमाल करता था, घटना के समय उनका फोन अचानक पूरी तरह हैंग हो गया था। इसके बाद उनके मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने लगे। करीब 15 मिनट तक फोन इसी स्थिति में रहा शुरुआत में पीड़ित को लगा कि शायद उनका मोबाइल खुद को अपडेट कर रहा है, इसलिए ऐसा हो रहा है। हालांकि, जब 15 मिनट बाद फोन सामान्य हुआ और उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया, तो खाते में से कुल 75 हजार की रकम कट चुकी थी।
खाते में बची थी शेष राशि
पीड़ित के अनुसार, ठगी की इस घटना से ठीक पहले उनके बैंक खाते में कुल 3 लाख 58 हजार 011 रुपये जमा थे। अज्ञात शातिर ठगों ने तकनीकी जालसाजी का इस्तेमाल करते हुए उनके खाते से 75 हजार का अवैध ट्रांजैक्शन कर लिया। घटना के तुरंत बाद पीड़ित को समझ आया कि वह किसी बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए हैं, जिसके बाद बाग थाने पर इसकी शिकायत दर्ज कराई।
