नाबालिग को गुजरात ले जाने वाला गिरफ्तार, बलात्कार के आरोपी को राऊ से किया दबोचा
धार। महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर धामनोद पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक मामले में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरे मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दुष्कर्म के आरोपी को राऊ, इंदौर से पकड़ा है।
नाबालिग को गुजरात ले जाने का मामला
26 जून 2026 को एक 16 वर्षीय बालिका अपनी मौसी के घर मीठा कॉलोनी, धामनोद आई हुई थी। दोपहर करीब 2 बजे वह किराना सामान लेने घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की रिपोर्ट पर धामनोद थाने में अपराध दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक संतोषसिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बालिका एवं संदेही की तलाश अमरेली, गुजरात में की। जांच के दौरान जानकारी मिली कि दोनों कुछ दिन पहले एक गांव में पहुंचे थे, लेकिन काम नहीं मिलने के कारण वहां से चले गए।
इसके बाद मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया। बालिका के कथनों के आधार पर प्रकरण में संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 का इजाफा किया गया। पुलिस ने आरोपी संदीप पिता नाहरू कनासेनिवासी करोदिया थाना करही, जिला खरगोन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दूसरे मामले में राऊ से फरार आरोपी गिरफ्तार
दूसरे मामले में 9 जुलाई की शाम करीब 5 बजे एक महिला पशुओं को पानी पिलाकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान दो युवकों ने उसे पकड़कर एक गड्ढे में ले गए, जहां एक आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने और चिल्लाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई, जबकि दूसरा आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर धामनोद थाने में विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी निलेश पिता दशरथ सुल्तानानिवासी ग्राम मांगबयड़ा, थाना धामनोद, जिला धार की पहचान की। पुलिस टीम ने आरोपी को राऊ, इंदौर से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश अभी जारी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
दोनों मामलों में धामनोद थाना प्रभारी निरीक्षक संतोषसिंह यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयकिशन रायकवार, उपनिरीक्षक विजय वास्कले, आरक्षक मनीष राठौर, आरक्षक अशोक मुनिया सहित थाना पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इन कार्रवाइयों से महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई का संदेश गया है।
