चार विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया, चांदी का छत्र, चांदी की आरती सहित अन्य सामान किया बरामद
मंदसौर/भैसोदामंडी। भानपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरदा स्थित देवनारायण मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने महज 18 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मंदिर से चोरी किया गया करीब 70 हजार रुपये कीमत का 174 ग्राम चांदी का सामान बरामद करते हुए मामले में चार विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बोरदा निवासी 56 वर्षीय फुलचंद, जो देवनारायण मंदिर में पूजा करते हैं, ने भैसोदामंडी चौकी पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त की रात करीब 9 बजे मंदिर के पट बंद कर वे घर चले गए थे। अगले दिन 10 अगस्त की सुबह कारूलाल गुर्जर ने फोन कर मंदिर में चोरी की जानकारी दी। मंदिर में रखी लोहे की पेटी से भगवान देवनारायण जी का चांदी का छत्र, चांदी की आरती, चांदी की गाय, चांदी का तिलक और चांदी की चेन अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई थी। मामले में थाना शामगढ़ में बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
संपत्ति संबंधी अपराधों की पतारसी के लिए पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामस्नेही मिश्रा तथा एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय कुमार बुन्देला और चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उप निरीक्षक धर्मेश यादव के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर सूचना, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस ने कार्रवाई के चलते मात्र 18 घंटे के भीतर चार विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर चोरी का पूरा मश्रूका बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों से कब्जें से चांदी का छत्र, चांदी की आरती, चांदी की गाय, चांदी का तिलक, चांदी की चेन बरामद चांदी के सामान का कुल वजन 174 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
चोरी का शीघ्र खुलासा करने में थाना प्रभारी भानपुरा उनि विनय कुमार बुन्देला, चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उप निरीक्षक धर्मेश यादव, उनि ओंकार सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक अंतिम गौड़ एवं आरक्षक जितेन्द्र का विशेष योगदान रहा।
