पीएम मित्र पार्क बदनावर में अरविंद ग्रुप लगाएगा 1200 करोड़ की इकाई

105 एकड़ जमीन आवंटित, एक साल के भीतर उत्पादन शुरू होने की उम्मीद; धार जिले के युवाओं को मिलेगा रोजगार

धार। गुजरात दौरे पर पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को अहमदाबाद में अरविंद लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर कुलिन एस. लालभाई और वाइस चेयरमैन पुनीत लालभाई से मुलाकात की। बैठक में अरविंद ग्रुप द्वारा मध्य प्रदेश में तीन स्थानोंदेवास जिले के बरलाई, धार जिले के बदनावर स्थित पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क और बेटमा में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की योजना पर चर्चा हुई।

धार जिले के लिए यह निवेश महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बदनावर में स्थापित पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क में अरविंद लिमिटेड को 105 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां लगभग 1200 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्क में एक वर्ष के भीतर उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। इकाई के शुरू होने से धार जिले और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

औद्योगिक विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अरविंद ग्रुप की इकाइयों से मध्य प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा। इससे युवाओं को रोजगार मिलने के साथ राज्य की टैक्स आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच औद्योगिक एवं कारोबारी संबंध और मजबूत होंगे।

बैठक में अपर मुख्य सचिव उद्योग नीरज मंडलोई, उद्योग सचिव जॉन किंग्सले और एमपीआईडीसी के प्रबंध निदेशक चंद्रमौली शुक्ला भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि अरविंद लिमिटेड द्वारा पीएम मित्र पार्क में निवेश का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। प्रस्ताव के तहत कंपनी को उपलब्ध निवेश प्रोत्साहनों की जानकारी दी गई, जिनमें पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान, स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति, ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन और अनुसंधान एवं विकास सुविधाओं के लिए सहायता शामिल है।

हर साल 70 लाख वस्त्र निर्माण
जानकारी के अनुसार, इंदौर में संचालित पेपकोन प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंपनी के अनुबंध के तहत प्रतिवर्ष लगभग 70 लाख वस्त्रों का निर्माण किया जाता है। बैठक में सीसीआईपी के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा शासन स्तर पर प्रस्ताव के त्वरित परीक्षण और अनुमोदन की कार्रवाई पर भी विचार-विमर्श किया गया।

पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क बदनावर में अरविंद ग्रुप का निवेश धार जिले को वस्त्र एवं परिधान उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे बदनावर सहित धार जिले के अन्य क्षेत्रों में सहायक उद्योगों, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और सेवा क्षेत्र के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

Kingmaker kasyno
play at kyngscasino