पीछे की दीवार में सुराग कर घुसे बदमाश, हजारों रुपए की शराब गायब
धार। जिले के गंधवानी स्थित आबकारी विभाग के कार्यालय में बदमाशों ने सेंध लगाकर विभिन्न प्रकरणों में जब्त की गई अवैध शराब पर हाथ साफ कर दिया। बदमाश कार्यालय की पिछली दीवार में सुराग कर अंदर घुसे और बीयर की पेटियों सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आबकारी कार्यालय को बंद कर कर्मचारी चले गए थे। सुबह करीब 11 बजे कार्यालय खोला गया तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। कर्मचारियों ने पीछे जाकर देखा तो कार्यालय की दीवार टूटी हुई थी और उसमें अंदर घुसने के लिए जगह बनी हुई थी। जांच करने पर विभिन्न प्रकरणों में जब्त कर रखी गई हजारों रुपए कीमत की शराब गायब मिली। इसके बाद आबकारी आरक्षक अमित खन्ना ने घटना की सूचना पुलिस को दी। उनकी रिपोर्ट पर गंधवानी पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कार्यालय के आसपास के क्षेत्र में सुराग जुटाने के साथ ही बदमाशों की तलाश कर रही है।
