कांग्रेस पार्षद बोले – किसके दबाव में कार्रवाई की गई, 25 में से 24 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
अटके प्रोजेक्ट पर पार्षदों ने अधिकारियों को घेरा, जलकर-संपत्तिकर में मिलेगी 10 प्रतिशत की विशेष छुट
धार नगर पालिका परिषद की बैठक गुरुवार को आयोजित हुई। बैठक में भाजपा से नवनियुक्त पांच एल्डरमैन ने पहली बार भाग लिया। अध्यक्ष नेहा महेश बोड़ाने, सीएमओ कुंवर विश्वनाथ सिंह, पार्षदों और नगर पालिका कर्मचारियों की मौजूदगी में शहर के विकास से जुड़े 25 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें से एक को छोड़कर 24 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।बैठक की शुरुआत में कांग्रेस पार्षदों ने कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर हंगामा किया। पार्षदों ने आरोप लगाया कि परिषद की सहमति के बिना कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि दूषित पेयजल आपूर्ति के विरोध में प्रदर्शन करने पर कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। कांग्रेस पार्षदों ने एफआईआर निरस्त करने की मांग की। इस पर सीएमओ ने लीगल एडवाइज लेकर मामले का निराकरण करने की बात कही।
अटके प्रोजेक्ट पर अधिकारियों को घेरा
बैठक में भाजपा और कांग्रेस दोनों पक्षों के पार्षदों ने शहर में धीमी गति से चल रहे विकास कार्यों को लेकर नगर पालिका अधिकारियों को घेरा। पार्षदों ने कहा कि बस स्टैंड निर्माण को तीन साल से अधिक समय हो चुका है, जबकि हटवाड़ा कॉम्प्लेक्स का काम अब तक शुरू नहीं हुआ। पार्षद करीम कुरैशी ने कहा कि ठेकेदार समय पर काम पूरा नहीं करते और कार्रवाई होने पर न्यायालय से स्टे ले आते हैं। ऐसे में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पार्षदों ने शहर में शौचालयों, नालों और सफाई वाहनों की खराब स्थिति पर भी सवाल उठाए। बैठक में नौ डीजल कचरा वाहनों, एक गार्वेज मशीन और एक जेसीबी मशीन खरीदने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई।
जलकर-संपत्तिकर में 10 प्रतिशत छूट
विशेष राजस्व वसूली शिविर के तहत संपत्तिकर और जलकर उपभोक्ता प्रभार की अग्रिम राशि जमा करने पर अधिकतम 10 प्रतिशत छूट देने पर सहमति बनी। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 2 में कवर्ड नाला निर्माण, वार्ड क्रमांक 12 में लालबाग सौंदर्यीकरण, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों के बदलाव और विभिन्न वार्डों में बोरिंग कराने सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में नवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं, केंद्रीय लाइटिंग, ट्रेचिंग ग्राउंड पर सीसी रोड और बाउंड्रीवॉल निर्माण, जल संधारण, स्वच्छता व विद्युत सामग्री की खरीदी तथा मोटर पंपों की मरम्मत से संबंधित प्रस्ताव भी शामिल रहे। पुरानी नगर पालिका की दुकानों की नीलामी और वहां की दुकानों को किरायेदारों से रिक्त कराने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
