आरोपियों पर पूर्व में भी कई आपराधिक मामले थे दर्ज
धार। औधोगिक नगरी पीथमपुर की छत्रछाया कॉलोनी में फरियादी से रंगदारी मांगकर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने वाले तीन आदतन अपराधियों को थाना सेक्टर-1 पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 02 सितंबर को फरियादी विशाल यादव ने थाना सेक्टर-1 पीथमपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि जब वह छत्रछाया कॉलोनी में मौजूद था, तब आरोपी आयुष सरकार, निखिल शुक्ला और नीरज गोलकर ने उससे पार्टी के नाम पर अवैध रूप से रुपयों की मांग की। फरियादी द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश अहीर के नेतृत्व में तुरंत एक पुलिस टीम का गठन किया गया। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 523/26 के तहत बीएनएस की धारा 119(1), 115(2), 296(ए), 351(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर तीनों नामजद आरोपियों—आयुष सरकार (पिता प्रताप बर्मन), निखिल शुक्ला (पिता रामपाल शुक्ला) और नीरज गोलकर (पिता गुलाबचंद गोलकर) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी क्षेत्र के आदतन बदमाश हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी ओम प्रकाश अहीर, उप-निरीक्षक जगदीश मीणा, विवेचक दशरथ मंडलोई, एएसआई के.के. परिहार, प्रधान आरक्षक प्रदीप पाटील, आरक्षक बिक्की और राहुल भदौरिया की मुख्य भूमिका रही।
