मामले में टांडा का आदतन अपराधी साहेब सिंगार निकाला षंडयंतकर्ता, हजारों की सामान और बाइक जप्त
धार, कुक्षी। ग्राम सुसारी स्थित गुरुदेव किराना दुकान में हुई चोरी की वारदात का कुक्षी पुलिस ने महज़ 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया सामान और घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की है। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
ताले तोड़कर चुराए थे ड्रायफ्रूट्स व किराना सामान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त को फरियादी अक्षत पिता सुरेश त्रिवेदी निवासी कालका चौक, सुसारी)की शिकायत पर थाना कुक्षी में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहत मामला दर्ज किया गया था। बदमाशों ने दरमियानी रात दुकान के शटर के ताले तोड़कर काजू, बादाम, ड्रायफ्रूट्स, कोल्ड ड्रिंक्स और किराना सामान पार कर दिया था।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा के निर्देशन, एएसपी श्री विजय डावर एवं एसडीओपी कुक्षी श्री सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में सर्चिंग शुरू की। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर संदेही साहेब पिता लोभु सिंगारनिवासी ग्राम गेट्टा, थाना टांडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से 85 000 मूल्य का चोरी गया सामान और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की साइन मोटरसाइकिल जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी साहेब सिंगार आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ थाना टांडा में पहले से ही डकैती की योजना, चोरी और मारपीट जैसी संगीन धाराओं में 5 गंभीर अपराध दर्ज हैं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
मामले में शामिल टांडा क्षेत्र के दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक चौहान, एसआई अनुप बघेल, प्रधान आरक्षक जगन, दीपेन्द्र डावर, आरक्षक शाहदर, कमलेश रावत एवं जितेन्द्र बघेल की सराहनीय भूमिका रही।
