हथियार अड़ाकर लूटी थी चांदी, अन्य मामले में पकड़े गए आरोपियों से खुला राज
आलिराजपुर जेल में बंद तीसरे आरोपी को प्रोडक्शन वारंट से लाया गया
धार। थाना पुलिस ने 1 मई 2026 को बाग-टांडा रोड पर आगर घाटी मोड़ के पास हुई लूट की वारदातों का पर्दाफाश कर दिया है, पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई चांदी की तागली, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और एक फालिया जब्त किया है।
हथियार अड़ाकर की थी लूटपाट
मामला 1 मई 2026 का है, जब ढीलवानी स्कूलपुरा निवासी फरियादी भंगु पिता जामसिंह पचाहा अपने बेटे के साथ रिंगनोद से गिरवी रखी चांदी छुड़ाकर बाइक से घर लौट रहे थे। सुबह करीब 10.30 बजे आगर घाटी मोड़ पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली। आरोपियों ने फरियादी को फालिया अड़ाकर लाल रंग की थैली छीन ली, जिसमें दो चांदी की तागली रखी हुई थीं। फरियादी के जमाई भेरु के बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उन्हें भी फालिया दिखाकर डराया और फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बाग में मामला दर्ज किया गया था।
अन्य मामले में पकड़े गए आरोपियों से खुला राज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में बाग थाना प्रभारी निरीक्षक हिरु सिंह रावत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। अमझेरा थाने के एक अन्य अपराध में गिरफ्तार आरोपी समीर निवासी कुडूझेता और संजय निवासी नाहवेल से जब पूछताछ की गई, तो उन्होंने बाग रोड पर हुई इस लूट को स्वीकार किया।
आलिराजपुर जेल में बंद था तीसरा आरोपी
आरोपियों के बयानों के आधार पर अलीराजपुर जेल में बंद तीसरे आरोपी महेंद्र निवासी नाहवेल को बाग पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की, जिसने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई चांदी की तागली और प्रयुक्त फालिया व बाइक जब्त कर ली है। पकड़े गए तीनों आरोपियों को आज न्यायालय कुक्षी के समक्ष पेश किया जा रहा है, वहीं प्रकरण के चौथे फरार आरोपी की तलाश जारी है।
सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक हिरु सिंह रावत, सउनि दशरथ चौहान, प्रआर. रेलम सिंह भिणडे, भाव सिंह, कैलाश गेहलोत तथा आरक्षक दुर्गेश, राजु, लाल सिंह, विनोद, सुरेश, अर्जुन, मुकेश, भुर सिंह एवं विजय की विशेष भूमिका रही।
