पुलिस ने 3 बदमाशों को किया गिरफ्तार, चांदी के आभूषण जप्त
धार। सरदारपुर तहसील के ग्राम दसई में स्थित जयंती माता मंदिर में 8 दिन पूर्व हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में 3 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन चांदी के छत्र, एक चांदी का मुकुट, एक जोड़ी चांदी के झुमके तथा वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और औजार (पाना, पेचकस व कटर) जब्त किए हैं। पूरे मामले का खुलासा एसडीओपी विश्वरदीप सिंह परिहार ने किया। इस दौरान थाना प्रभारी राजू मकवाना सहित चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेशसिंह यादव मौजूद रहे।
यह था मामला
27 सितंबर को जयंती माता मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने चांदी का मुकुट, कंदोरा, कान के झुमके, तीन छत्र और दानपेटी से नगदी पार कर दी थी। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर, विजय डावर एवं एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीपसिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजू मकवाना के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
एसडीओपी परिहार के अनुसार 7 अक्टूबर को मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मांगोद-कानवन रोड स्थित ग्राम भरावदा फाटे से पुलिस ने आरोपी मगरसिंह पिता जालमसिंह मेडा, नूरसिंह उर्फ नूरू पिता जालमसिंह मेडा तथा बाजू उर्फ बहादुर पिता वालसिंह सभी निवासी ग्राम चुन्पिया आम्बापुर, थाना टाण्डा को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि चोरी गया एक चांदी का कंदोरा उन्होंने नूरसिंह निवासी बड़कच्छ को बेचने के लिए दिया था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेशसिंह यादव, प्रधान आरक्षक मेहरबानसिंह गुर्जर, भारतसिंह बामनिया, मन्नुसिंह भूरिया, अमित पाठक, आरक्षक रमेश भोसले, महिला आरक्षक मंजू देवदा एवं सायबर सेल प्रभारी भूपेन्द्र खरतिया की मुख्य भूमिका रही।
