केबिन जलकर खाक, पुलिस टीम ने संभाला ट्रैफिक; शॉर्ट सर्किट की आशंका
धार। राऊ-खलघाट फोरलेन स्थित गणपति घाट पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। धामनोद की ओर से इंदौर की तरफ जा रहे प्याज से भरे एक ट्राले के केबिन में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग की चपेट में आने से ट्राले का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्राला (क्रमांक RJ 14 GK 5512) चोपड़ा से लाखों रुपए की कीमत का प्याज भरकर गुरुग्राम (हरियाणा) की ओर जा रहा था। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे जब वाहन गणपति घाट चढ़ रहा था, तभी अचानक केबिन से धुआं निकलने लगा। चालक अनवर खान ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी रोकी, जिसके कुछ ही देर में आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही धामनोद और मांडव से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दमकल विभाग की तत्परता के चलते ट्राले के पीछे लदे लाखों रुपए के प्याज को जलने से बचा लिया गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, नहीं लगा जाम
व्यस्त फोरलेन पर हादसे के बाद ट्रैफिक बाधित न हो, इसके लिए धामनोद पुलिस की डायल-112 टीम तुरंत मौके पर तैनात हुई। एफआरवी-20 के पायलट दीपक निगवाल व आरक्षक इंद्रपाल लोधी तथा एफआरवी-21 के पायलट लखन वर्मा व आरक्षक वीरेंद्र निमाड़ी ने मुस्तैदी दिखाते हुए यातायात को सुचारू रूप से संचालित कराया, जिससे घाट पर वाहनों का लंबा जाम लगने से बच गया।

