सिंघाना के सिरसी में की गई कार्रवाई, मौके से फरार हुआ आरोपी
धार। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को मनावर थाने की सिंघाना चौकी पुलिस ने ग्राम सिरसी में कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची महुआ शराब की भट्टी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से करीब हजारों रुपयों की अवैध शराब, उपकरण और महुआ लहान जब्त कर नष्ट किया है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए है।
धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी सिंघाना को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिरसी निवासी सुनिल पिता सिकदार डावर अपने घर के पास बनी एक टपरी की आड़ में हाथ भट्टी लगाकर अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बना रहा है। वह इस शराब को बेचने की फिराक में था।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख आरोपी सुनिल घबरा गया और मौके से भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन आसपास केले की घनी फसल और नाले का फायदा उठाकर वह पुलिस को चकमा देने में सफल रहा।
नाले के किनारे छिपाकर रखा था 650 किलो लहान
पुलिस ने मौके पर बारीकी से तलाशी ली, जिसमें बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाने की सामग्री बरामद हुई। मौके से करीब 65 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब और भट्टी निर्माण सामग्री जब्त की गई। पुलिस ने पास ही नाले के किनारे जमीन में छिपाकर रखा गया 650 किलोग्राम महुआ लहान भी खोज निकाला। यह लहान 70 और 200 लीटर क्षमता वाले ड्रमों और टायर की ट्यूब में भरकर रखा गया था। पुलिस ने इस 52,000 हजार रुपये कीमत के लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
आरोपी की तलाश जारी
फरार आरोपी सुनिल के खिलाफ पुलिस ने धारा मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। कार्रवाई में मनावर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, सिंघाना चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनुप बघेल, सउनि सुखदेव अलावे, प्र.आर. शेरसिंह बघेल, प्र.आर. महेन्द्र डावर, प्र.आर. मौसमी सोलंकी, आर. बलराम वास्कले, आर. सुनील डावर और आर. चेनसिंह बघेल की विशेष भूमिका रही।
