पत्नी ने उपचार के दौरार तोड़ा दम, पुलिस ने 2 घंटे के भीतर किया आरोपी गिरफ्तार
धार। मनावर थाना क्षेत्र के ग्राम जाजमखेड़ी कालाभाटा में चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी पत्नी पर लाठी से बेरहमी से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी, घटना के महज 2 घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
चरित्र शंका में की थी मारपीट
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 अगस्त को ग्राम जाजमखेड़ी कालाभाटा से सूचना मिली थी कि आरोपी दुर्गेश पिता कैलाश मौर्य ने अपनी पत्नी काजल के साथ चरित्र शंका को लेकर विवाद किया। गुस्से में आकर आरोपी ने लाठी से काजल के हाथ, पैर, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर वार किए।
उपचार के दौरार तोड़ा दम
परिजनों और पुलिस की मदद से घायल काजल को डायल 112 वाहन के माध्यम से सिविल अस्पताल मनावर में भर्ती कराया गया। चोटें गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बड़वानी रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी ब्रजेश मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। मनावर पुलिस ने 17 अगस्त को आरोपी दुर्गेश निवासी जाजमखेड़ी कालाभाटा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस की लाठी, घटनास्थल से खून से सनी व सादी मिट्टी, तथा घटना के समय आरोपी द्वारा पहना गया खून लगा जींस भी जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
आराेपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, उपनिरीक्षक गिलदारसिंह बघेल, उपनिरीक्षक मनीष चौधरी, प्रधान आरक्षक रणजीत सिंह, आरक्षक कमलेश, आरक्षक जितेंद्र और आरक्षक राकेश मुवेल की सराहनीय भूमिका रही।
