पुलिस ने आरोपियों के घरों से बरामद किए 4 लाख 80 हजार के आभूषण व नकद राशि
धार। सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र में हुई चोरी हुए आभूषण जिले के उमरबन क्षेत्र में दबिश के दौरान पुलिस ने बरामद किए है। कार्यवाही में चोरी के मामलों में वांछित आरोपियों के घरों से 4 लाख 80 हजार रुपए का मशरुका बरामद किया गया है। यह कार्रवाई थाना बुधनी में दर्ज चोरी के एक मामले के सिलसिले में की गई है, जिसमें पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकद राशि भी जप्त की है।
बुधनी जिला सीहोर में अपराध क्रमांक 192/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। विवेचना के दौरान बुधनी पुलिस को आरोपियों की तलाश और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए मनावर पुलिस का सहयोग मिला। एसडीओपी ब्रजेश मालवीय के निर्देशन और थाना प्रभारी मनावर राजेश यादव एवं चौकी प्रभारी उमरबन अश्विन चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उमरबन चौकी क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस टीम जब वांछित दोनों आरोपियों की तलाश में उनके घर पहुँची, तो वे मौके पर नहीं मिले।
पुलिस ने नियमानुसार परिजनों की उपस्थिति में दोनों आरोपियों के घरों की तलाशी ली, जहां से चोरी का माल बरामद हुआ। फरार आरोपियों के घरों से क सोने का रानी हार, एक जोड़ी सोने के झुमके, दो सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी का छल्ला और 12 हजार नगद बरामद किए है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण के दोनों वांछित आरोपी फिलहाल फरार हैं—एक आरोपी उकलदा क्षेत्र से और दूसरा खेरवा क्षेत्र से फरार चल रहा है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। बरामद किए गए माल को थाना बुधनी पुलिस के सुपुर्द कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस संयुक्त कार्यवाही को सफल बनाने में थाना प्रभारी मनावर राजेश यादव, चौकी प्रभारी उमरबन अश्विन चौहान और उमरबन चौकी के पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।
