पुछताछ में आरोपी ने उगला खव्वाल का भी नाम, सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य की भी जानकारी जुटा रही पुलिस
धार। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुक्षी पुलिस और निसरपुर चौकी की टीम ने सट्टे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा अंक लिखी सात कार्बन पर्चियां, कार्बन का टुकड़ा, पेन और 1100 रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश एवं एसडीओपी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुक्षी निरीक्षक दीपकसिंह चौहान के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 27 अगस्त को निसरपुर चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक भुवान चौहान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रजापत धर्मशाला के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा लिख रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और ग्राम भंवरिया निवासी शिवराम पिता मगन कलमिया (को सट्टा लिखते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सात सट्टा अंक लिखी कार्बन पर्चियां, एक कार्बन का टुकड़ा, पेन तथा 1100 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में सट्टा संचालक का नाम सामने आया
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी शिवराम ने बताया कि वह दिनेश पिता रमेश सिसोदिया निवासी कड़माल रोड निसरपुर के कहने पर सट्टा पर्चियां लिखने का काम करता था। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने दिनेश सिसोदिया को भी प्रकरण में सह-आरोपी बनाया है। मामले में थाना कुक्षी में दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कुक्षी दीपकसिंह चौहान, निसरपुर चौकी प्रभारी सउनि भुवान चौहान, आरक्षक रविन्द्र अलावे, गौरव, सुभाष चौहान, किशन मण्डलोई, थानसिंह और अर्जुन की विशेष भूमिका रही।
